RBI केंद्र को देगी 1.76 लाख करोड़, राहुल बोले-काम नहीं आएगी खजाने की चोरी

नई दिल्लीः रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के केंद्र सरकार को 1,76,051 करोड़ रुपए जारी करने की घोषणा पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने निशाना साधा। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि केंद्र सरकार देश की अर्थव्यवस्था संभालने में नाकाम रही। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी और वित्त मंत्री ने खुद ही आर्थिक हालात पैदा किए हैं। राहुल ने ट्वीट किया कि आरबीआई से खजाने की चोरी काम नहीं आएगी, यह किसी डिस्पेंसरी से बैंड-एड चुराकर गोली के जख्म पर लगाना जैसा है, जो काम नहीं आएगी।

बता दें कि आर्थिक मोर्चे पर जूझ रही मोदी सरकार के लिए सोमवार का दिन राहत वाला रहा। सरकार के आर्थिक पैकेज की घोषणा और अमरीका व चीन के मध्य व्यापार को लेकर बातचीत दोबारा शुरू होने की खबरों से जहां शेयर बाजार ने जश्न मनाया, वहीं शाम होते-होते आर.बी.आई. के पूर्व गवर्नर बिमल जालान की अध्यक्षता वाली कमेटी की रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए आर.बी.आई. ने केन्द्र सरकार को 1,76,051 करोड़ रुपए जारी करने की घोषणा कर दी।






