अमित शाह वापस दिल्ली पहुंचे: फेसबुक पर लिखा- मप्र की भूमि पर आना हमेशा एक विशेष अनुभव होता है, राजा भोज की नगरी में अपार स्नेह देने के लिए आभार

भोपाल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने भोपाल एक दिवसीय दौरे से वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री एल मुरगन और सांसद राकेश सिंह हैंगर से वायु सेना के विमान से रवाना हुए हैं. अमित शाह ने फेसबुक पर पोस्ट किया है. जिसमें लिखा है कि मध्यप्रदेश की भूमि पर आना हमेशा एक विशेष अनुभव होता है. आज राजा भोज की नगरी भोपाल में जनता के इस अपार स्नेह और आशीर्वाद के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लंबी चर्चा के बाद कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि बैठक में सत्ता और संगठन के कामकाज को लेकर चर्चा हुई है. अमित शाह के दौरे से कार्यकर्ताओं में और पदाधिकारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है. केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात शाह ने कही है. अमित शाह के दौरे से आगामी चुनावों में भी पार्टी को लाभ होगा.
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को मध्यप्रदेश के भोपाल में एक दिवसीय दौरे पर थे. राजधानी के जंबूरी मैदान में उन्होंने आदिवासी समाज और वनवासियों को कई सौगात दी. इसके बाद उन्होंने बीजेपी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां अमित शाह ने शीर्ष नेताओं के साथ करीब 40 मिनट बैठक की. इस मीटिंग को अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल एमपी में विधानसभा चुनाव होने हैं.






