सिर पर चढ़ा सिटी बस का पहिया, वृद्धा की मौके पर ही दर्दनाक मौत

इंदौर में एक महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। महिला बेटे के साथ बाजार में खरीदारी करने जा रही थी। वे जैसे ही दरगाह गेट के नजदीक पहुंचे, संतुलन बिगड़ने से महिला गिर गई। तभी वहां पीछे से आ रही सिटी बस का पहिया महिला के सिर पर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। जबकि घायल बेटे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।दौलतबाग खजराना निवासी फईम अपनी मां कनीजा फातिमा पत्नी सैय्यद को लेकर बाजार जा रहा था। दरगाह गेट के नजदीक पहुंचते ही संतुलन बिगड़ा और बाइक गिर गई। फईम सड़क के किनारे गिर गया। जबकि कनीजा बीच सड़क पर जा गिरी। तभी वहां पीछे से आ रही सिटी बस का पहिया कनीजा के सिर के ऊपर चढ़ गया। हादसे में कनीजा की मौके पर ही मौत हो गई। यहां मौजूद लोगों ने फईम को उपचार के लिये एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
कनीजा अपने बेटे के साथ बाजार में कपड़े और अन्य सामान खरीदने जा रही थी। उसके पास रखे पर्स में करीब 70 से 80 हजार रूपये रखे थे। घटनास्थल से सामान सहित कनीजा का शव एमवाय अस्पताल भेजा गया। यहां बाद में परिवार के लोग पहुंचे तो फ्रीजर रूम से कनीजा के पास में मिला पर्स परिवार को लौटा दिया गया। बताया जाता है कि उसमें जो रुपये रखे थे। वह गायब थे। इस मामले में परिवार के लोगों ने कनीजा के अंतिम संस्कार के बाद एमवाय के अधिकारियों से मामले में बात कर केस दर्ज कराने की बात कही है।






