ब्रेकिंग
मध्य प्रदेश के इंदौर में दहला देने वाला डबल मर्डर: कालानी नगर में पिता और बेटी की हत्या के मामले में... बिहार के बेगूसराय में प्रेम प्रसंग का अनोखा मामला: चोरी-छिपे मिलने आए प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों न... दिल्ली में आयोजित 'शब्द कीर्तन' कार्यक्रम में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुरु नानक देव जी ... उत्तर प्रदेश के बागपत में सरेराह क्रूरता की हदें पार: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पेट्रोल पंप के बाहर आ... न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में... रणबीर कपूर और यश स्टारर बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ में हनुमान के रूप में नजर आएंगे सनी देओल, मेकर्स ने... बांग्लादेश के प्रमुख परिधान उद्योग पर मंडराया गंभीर संकट: महज अठारह दिनों में चार हजार करोड़ रुपये क... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का दिखा बड़ा असर: भारत के सोने के आयात में 40 फीसदी की भारी गिरावट... WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले हो जाएं सावधान: गृह मंत्रालय के तहत आने वाले I4C ने जारी की गंभीर... कार्तिक पूर्णिमा 2026 पर ओडिशा में मनाई जाती है अनूठी 'बोइता बंदाना' परंपरा: नदियों और समुद्र तटों प...
देश

फेफड़े खराब, दिल दे चुका धोखा, ‘सांसें’ खरीद कर चलाते हैं ई-रिक्शा… रुला देगी गुल मोहसिन की कहानी

उम्र 62 साल… दोनों फेफड़े खराब, एक बार दिल धोखा दे चुका है, ‘सांसें’ भी रोजाना खरीदनी पड़ती हैं. इतनी परेशानियों के बाद न कोई गिला और न किसी से शिकवा. पूरी हिम्मत के साथ बीते बसंतों की यादों की तरह कमजोर हो चुके हाथों से ई-रिक्शा थामते हैं और निकल पड़ते हैं अपने और अपनी बेगम के पेट भरने की जुगाड़ में. ये दर्दभरी कहानी है हरिद्वार जिले के रुड़की के गुल मोहसिन की.

शिक्षानगरी रुड़की की सड़कों पर ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ एक बुजुर्ग ई-रिक्शा चलाते अकसर नजर आ जाएंगे. ये गुल मोहसिन हैं. बीमारियों से ‘गुल’ टूट चुके हैं, लेकिन हिम्मत और जज्बा आज भी बरकरार है. पूरे दिन सवारियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने वाले गुल आराम करने वाली उम्र में जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं. बुढ़ापे में साथ देने वाली औलाद मेहनत मजदूरी कर खुद अपने लिए कमा लें वही बहुत है. औलाद को छोडिए खुद उनकी सांसों ने गुल का साथ छोड़ दिया है. अब आस है तो सिर्फ मोल की ‘सांसों’ पर.

साल 2009 से बिगड़ गए हालात

बुजुर्ग गुल मोहसिन रुड़की के पश्चिमी अंबर तालाब के रहने वाले हैं. वह रोज ई-रिक्शा के जरिए सवारियों को इधर से उधर पहुंचाते हैं. गुल मोहसिन ई-रिक्शा के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर भी लेकर चलते हैं. उसके जरिए ही वह सांस ले पाते हैं. दरअसल, आज से 15 साल पहले गुल मोहसिन की जिंदगी ऐसी नहीं थी. सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था. बच्चों की भी शादी कर जिम्मेदारियों से फ्री हो गए थे. साल 2009 उनकी जिंदगी में परेशानियों का तूफान लेकर आया.

गुल मोहसिन कहते हैं, ‘मैं एक टेलर था, कपड़े सिलकर परिवार का गुजारा चलाता था. इसी कमाई से मैंने अपने बच्चों की शादी की थी.’ आंखों में भर आए आंसुओं को पोछते हुए वह रुंदे हुए गले से कहते हैं, ‘2009 में मुझे हार्ट अटैक आया. मेरे पास जो भी पैसा था सब खत्म हो गया. उसके बाद डॉक्टर ने मुझे आराम बताया.’

फेफड़े हुए खराब, चलना हुआ मुश्किल

गुल मोहसिन बताते हैं, ’11 साल बाद 2020 में कोरोना काल के बाद तो जैसे जिंदगी परेशानियों से घिरती चली गई. मेरे दोनों फेफड़ें जवाब दे गए. जिसके कारण पैर से सिलाई मशीन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया.’ वह बताते हैं, ‘डॉक्टरों का कहना था कि जब तक जिंदगी है, सिलेंडर से ऑक्सीजन लेनी पड़ेगी.’ डॉक्टर की सलाह और जिंदगी की आस ने गुल मोहसिन ने हार नहीं मानी. उन्होंने 2 साल पहले लोन लेकर ई रिक्शा का हैंडल थाम लिया. अब उन्हें ई-रिक्शा की किश्त, ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने की रकम और घर के खर्चे के लिए रोजाना पैसे कमाने पड़ते हैं. तीनों जरूरतें ही अब गुल मोहसिन की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी हैं.

नहीं हो पाईं किश्तें जमा

खुद्दार किस्म के गुल मोहसिन ने इतनी परेशानियों के बाद भी किसी के आगे हाथ नहीं फैलाए. गंभीर बीमारियों के बाद भी वह रोजाना घर से पैसा कमाने के लिए निकलते हैं. उनके 3 बेटे और 2 बेटियां हैं. सबकी शादी खुद उन्होंने की. सभी अपने-अपने परिवार के साथ अलग-अलग रहते हैं. गुल मोहसिन अपनी पत्नी के साथ मेहनत मजदूरी कर जिंदगी की पटरी पर चल रहे हैं. काम मंदा होने पर कुछ दिन पहले उनकी ई-रिक्शा की दो-तीन किस्त अदा नहीं हो पाईं, लेकिन वह मायूस नहीं हुए. किश्त चुकाने के लिए वह थोड़ी ज्यादा मेहनत कर रहे हैं. वह रोजाना 400 से 500 रुपये तक की आमदनी कर रहे हैं. उन्हें जरूरत है तो सरकारी मदद की.

Related Articles

Back to top button