Coronavirus Update: गढ़वा में क्वारंटाइन सेंटर से भागे 5 कोरोना संदिग्ध, थाने में मामला दर्ज

गढ़वा। गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर में कुशडंड पंचायत भवन में बने क्वारंटाइन केंद्र से गायब 5 लोगों पर रोजगार सेवक सह केंद्र प्रभारी राजेश कुमार ने थाने में मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार कुशडंड पंचायत भवन में बने क्वारंटाइन वार्ड से 5 लोगों को गायब होने की सूचना प्रशासन को मिली। सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, अंचल अधिकारी अरुणिमा एक्का, थाना प्रभारी पंकज कुमार तिवारी तत्काल केंद्र पर पहुंचे।
यहां वार्ड में रखे गए कुल 42 लोगों में से 5 लोग गायब मिले। ये सभी अपने घर चले गए थे। इस मामले में अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण ने मामले की जांच कर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया। बीडीओ अमित कुमार के निर्देश पर रोजगार सेवक सह क्वारंटाइन केंद्र प्रभारी राजेश कुमार ने केंद्र से गायब सभी पांच लोगों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी पंकज कुमार तिवारी ने बताया कि राजेश कुमार के आवेदन पर मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।





