जमानत पर जेल से रिहा हुए बदमाशों ने जमशेदपुर के कदमा में की फायरिंग

जमशेदपुर। जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर छह में सात बाइक सवार बदमाशों ने शिवनाथ कुमार पर फायरिंग की। संयोगवश गोली युवक को नहीं लगकर एक दीवार में जा धंसी। स्थानीय युवकों की सूचना पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तबतक आरोपित भाग निकले।
शिवनाथ कुमार की मां अंजली देवी ने बताया कि उनका बेटा घर में था। इस बीच कदमा ग्वाला बस्ती निवासी प्रशांत कुमार उर्फ बिट्टू और बिष्टुपुर के रोड के आउट हाउस निवासी सुमित कुमार और एक अन्य युवक घर से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर पैदल ही आए। शिवनाथ के बारे में उसके भतीजे आशीष से पूछताछ की। आशीष ने बताया कि चाचा घर में सोए हैं। इसके बाद सभी घर में घुस गए। शिवनाथ को घर से बाहर बुलाकर ले गए। बहस करने लगे। हाथापाई होने लगी। सुमित ने पिस्तौल निकाला तो शिवनाथ ने पिस्तौल को लेकर छीनाझपटी शुरू कर दी। इस बीच गोली चल गई।
फेसबुक पर कमेंट से गुस्से में वारदात
विरोध करने पर आरोपित ईंट-पत्थर चलाने लगे। पथराव से घर के शीशे टूट गए। लोगों की भीड़ जमा होते देख युवक भागकर बाइक की ओर पहुंचे। वहां इनके चार साथी पहले से अलग-अलग चार बाइक पर सवार थे। बाइक स्टार्ट थी। सभी एक साथ भाग निकले। शिवाथ कुमार टेंट हाउस में डेकोरेशन का काम करता है। बिट्टू ग्वाला और सुमित कुमार हाल में ही जेल से रिहा हुए है। बताया जा रहा है कि शिवनाथ कुमार ने प्रशांत कुमार उर्फ बिट्टू ग्वाला पर फेसबुक में कुछ कमेंट किया था, जिसके कारण फायरिंग की घटना हुई। बुधवार शाम पांच बजे हुई घटना के दूसरे दिन भी कोई आरोपित पकड़ा नहीं जा सका है।





