नवा रायपुर में इंटरनेशनल गोल्फ की गूंज! ‘छत्तीसगढ़ ओपन’ का आगाज, अरुण साव बोले- “खेलों का हब बनेगा राज्य

रायपुर. खेल और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप के दूसरे सीजन का शुभारंभ किया. अटल नगर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिज़ॉर्ट में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) की ओर से यह चैंपियनशिप आयोजित की गई है. अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट 6 फरवरी तक चलेगा.
खेल के जरिए छत्तीसगढ़ की ब्रांडिंग- अरुण साव
शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पहले सीजन की शानदार सफलता के बाद यह आयोजन छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करेगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के माध्यम से युवाओं को अवसर और छत्तीसगढ़ को नई पहचान देने के लिए लगातार प्रयासरत है.
पर्यटन, अर्थव्यवस्था और युवा खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
अरुण साव ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में देश-विदेश के नामी गोल्फ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिससे राज्य के पर्यटन, खेल संस्कृति और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और युवा खेलों की ओर प्रेरित होंगे.
प्रो-एम इवेंट से शुरुआत, 3 फरवरी से मुख्य मुकाबले
बता दें कि प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के 2026 सीजन टूर्नामेंट की शुरुआत 1 फरवरी को प्रो-एम इवेंट के साथ हो चुकी है. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खुद गोल्फ खेलकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया. मुख्य प्रोफेशनल मुकाबले 3 फरवरी से शुरू होंगे, जो 6 फरवरी तक नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिज़ॉर्ट में खेले जाएंगे.
1.5 करोड़ की इनामी राशि
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की इनामी राशि इस वर्ष बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दी गई है, जिससे देश और विदेश के दिग्गज प्रोफेशनल गोल्फर की भागीदारी तय मानी जा रही है. यह बढ़ी हुई प्राइज मनी टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा को और ऊंचाई दे रही है.
126 प्रोफेशनल खिलाड़ी, स्ट्रोक प्ले फॉर्मेट
छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप में कुल 126 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं. टूर्नामेंट स्ट्रोक प्ले फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें 18-18 होल के चार राउंड होंगे. दो राउंड के बाद टॉप-50 और टाई करने वाले खिलाड़ी फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगे.
इनामी राशि में 50% की बढ़ोतरी, विजेता को मिलेंगे 22.5 लाख
पिछले वर्ष जहां इनामी राशि 1 करोड़ रुपए थी, वहीं इस बार इसमें 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए 1.5 करोड़ रु कर दी गई है. टूर्नामेंट के विजेता खिलाड़ी को 22.5 लाख रु की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जिससे मुकाबला और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है.






