Jharkhand Nikay Chunav 2026: नगर निकाय चुनाव में नामांकन का सैलाब, अब तक 1500 से अधिक पर्चे दाखिल; दिग्गजों ने भी ठोंकी ताल

रांची: राज्य में नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है. 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. 4 फरवरी तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे इसको लेकर समाहरणालय परिसर में प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखी जा रही है. राज्य के 48 नगर निकायों में हो रहे इस चुनाव में आज मंगलवार को बड़ी संख्या में नामांकन पत्र भरे गए.
झारखंड में निकाय चुनाव कहने को तो गैर दलीय आधार पर हो रहा है. मगर अप्रत्यक्ष रूप से इस चुनाव में सभी राजनीतिक दलों की भूमिका देखी जा रही है. रांची महापौर सीट के लिए चुनाव मैदान में उतरी पूर्व मेयर रमा खलखो के नामांकन में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. रांची समाहरणालय में रमा खलखो के नामांकन में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बंधु तिर्की, आलोक दूबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता समाहरणालय परिसर में मौजूद थे.
इस मौके पर रमा खलखो ने सुंदर रांची बनाने का दावा करते हुए कहा कि, “विगत वर्षों में निगम क्षेत्र में जो स्थितियां हुई हैं, उसे जनता जानती है. इस वजह से मुझे उम्मीद है कि इस बार हमें जीत जरूर मिलेगी.” कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि, “यह चुनाव गैर दलीय आधार पर हो रहा है इसके बावजूद यदि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता चुनाव मैदान में उतरते हैं तो उनको सहयोग करना आवश्यक है.” इन्होंने कहा कि रमा खलखो पहले मेयर रह चुकी हैं और लोग उनके कार्यकाल को देख चुके हैं, इसलिए उम्मीद है कि जनता का आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा.
समाहरणालय परिसर में हमारा नेता कैसा हो से गूंजता रहा
नगर निकाय चुनाव में किस्मत आजमाने उतर रहे प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थकों की भारी भीड़ समाहरणालय परिसर में बना रहा. समर्थक अपने प्रत्याशी के समर्थन में हमारा नेता कैसा हो का नारा लगाते रहे और चुनाव मैदान में खड़े प्रत्याशी को फूलों की माला पहना कर जीत का अग्रिम बधाई भी देते दिखे. इस बार के निकाय चुनाव में आरक्षण को लेकर सबसे ज्यादा परेशानी निवर्तमान पार्षदों को हो रही है. हालत यह है कि एक वार्ड में तीन-तीन पार्षद चुनाव लड़ने के लिए उतर गए हैं.
चुनाव मैदान में एक बार फिर किस्मत आजमाने वार्ड नंबर 34 से उतरे अरुण झा कहते हैं कि, “वे पहले वार्ड नंबर 26 के पार्षद रहे हैं इस बार वार्ड नंबर 34 से चुनाव मैदान में आए हैं जिस तरह से वार्ड 26 को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का काम किया इस तरह से वार्ड 34 को भी बनाने के लिए जनता का आशीर्वाद मांगने आए हैं, मुझे विश्वास है कि एक बार फिर हमें जीत मिलेगी.”
इस बार के चुनाव में महिलाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है आरक्षित सीटों के अलावा सामान्य सीटों पर भी महिलाएं चुनाव मैदान में उतर रही हैं. इस चुनाव को लेकर उनका उत्साह देखते ही बन रहा है. बहरहाल 4 फरवरी तक नामांकन होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही यह तय हो जाएगा कि शहर की सरकार बनाने के लिए हो रहे इस चुनाव में कितने प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. हालांकि जो आंकड़े राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी किए गए हैं, उसके तहत सोमवार 2 फरवरी तक राज्य के सभी 48 शहरी निकायों में करीब 15 00 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं.






