Friendship vs Politics: “जीते कोई भी, मेयर तो हम ही बनेंगे”, 20 साल की दोस्ती अब चुनावी मैदान में; आमने-सामने होंगे दो यार

हजारीबाग: झारखंड में निकाय चुनाव का बिगल बज चुका है. नगर निगम से लेकर नगर परिषद और नगर पंचायत तक में राजनेता चुनावी अखाड़े में उतर चुके हैं. इस दौरान गैर दलीय आधार पर चुनाव होने के बावजूद राजनीतिक पार्टियां भी अपने स्तर से प्रत्याशियों को प्रोजेक्ट कर रही है. इस बीच हजारीबाग नगर निगम से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो लोगों को आकर्षित कर रही है.
एक बीजेपी तो दूसरा संघ से जुड़ा है दोस्त
हजारीबाग नगर निगम से ही मेयर पद के लिए दो ऐसे नेताओं ने नामांकन किया है, जिनके बीच 20 सालों का दोस्ताना संबंध है. दोनों एक साथ घूमते थे, एक साथ एक दूसरे के लिए काम भी करते थे. जिसमें से मनोज कुमार गोप उर्फ टुन्नू गोप भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं और संघ से 20 साल पुराना संबंध भी है. वहीं दूसरी ओर हजारीबाग के पत्रकार अरविंद राणा हैं, जो बाल काल से ही संघी हैं. चुनाव में दोनों आमने-सामने हैं.
जीते कोई भी, मेयर दोनों होंगे: टुन्नू गोप
दोनों दोस्तों ने एक साथ हजारीबाग नगर निगम से मेयर पद के लिए नामांकन किया है. नामांकन करने के बाद अरविंद राणा ने टुन्नू गोप से विजय होने का आशीर्वाद लिया. वहीं मीडिया से बात करते हुए टुन्नू गोप ने कहा कि चुनाव में अरविंद जीते या टुन्नू, मेयर दोनों होंगे. उन्होंने कहा कि अरविंद राणा छोटे भाई के समान है. चुनाव अपनी जगह, संबंध अपनी जगह है.
वहीं अरविंद राणा पिछले 20 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वह संघ से जुड़े रहे हैं. दोनों प्रत्याशी एक साथ संघ में शाखा भी लगाते हैं. कई कार्यक्रम में दोनों एक साथ मंच पर दिखे हैं. अरविंद राणा कहते हैं संघ के स्वयंसेवक हैं और नीति बनाकर काम करते हैं. उनका कहना है कि दोनों में कोई जीते देश विजय होगा, समाज विजय होगा, नगर विजय होगा.






