Sidhu Moosewala Younger Brother: सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई का वीडियो वायरल, ‘ठायं-ठायं’ करने पर बढ़ा विवाद

दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का छोटा भाई इन दिनों काफी चर्चा में बना हुआ है. जानकारी के अनुसार, कनाडा के टोरंटो में सिद्धू मूसेवाला के पहले होलोग्राम शो के दौरान छोटा सिद्धू अपने बड़े भाई की तरह थापी मारता हुआ नजर आया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वहीं, इस दौरान वह अपने हाथों से पिस्टल चलाने जैसे इशारे करते हुए ‘ठायं-ठायं’ बोलता हुआ भी दिखाई दिया, जिसे लेकर अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है.
⚖️ बाल मानवाधिकार संगठन ने की माता-पिता के खिलाफ शिकायत, बच्चे की मानसिक सेहत पर जताई चिंता
यह वीडियो सामने आने के बाद बाल मानवाधिकार संगठन ‘लॉयर्स फॉर ह्यूमन राइट्स इंटरनेशनल’ (LFHRI) ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है. जानकारी के मुताबिक, संगठन ने मानसा के जिला मजिस्ट्रेट और जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट को पत्र लिखकर बच्चे के माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है. LFHRI का कहना है कि सामने आई वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चे के आसपास मौजूद बड़े लोग ही उसे हथियार जैसा इशारा करने के लिए उकसा रहे थे. संगठन का तर्क है कि इस तरह की हरकतें मासूम बच्चे की मानसिक सेहत पर बहुत बुरा असर डाल सकती हैं, इसलिए बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उसके माता-पिता की काउंसलिंग किए जाने की भी मांग की गई है. हालांकि, इस पूरे मामले पर फिलहाल सिद्धू मूसेवाला के परिवार या उनके माता-पिता की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.





