देश
नगर निगम के शव वाहनों से हो रहा है डीजल चोरी, अफसर खामोश

भोपाल। यूं तो नगर निगम के वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। लेकिन हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप भी हैरत में पड़ जाएंगे। यह मामला है शव वाहनों से डीजल चोरी करने का। नगर निगम के शव वाहनों से डीजल चोरी कर इसे एक जगह पर छुपाते हुए एक कर्मचारी का वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद निगम अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अफसर इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे है।
बता दें कि इससे पहले कचरा वाहनों से डीजल चोरी करने का मामला भी सामने आ चुका है। अधिकारियों के वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं भी हो चुकी हैं। डीजल चोरी के लगातार मामले सामने आने के बाद उच्चस्तरीय जांच भी हुई, लेकिन जो इस मामले में दोषी पाए गए, उन पर अब तक कोई कठोर कार्रवाई नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि नगर निगम के वाहनों से डीजल चोरी करते कर्मचारियों के 2019 में भी वीडियो वायरल हुए थे। इसमें डीजल वाहनों के ड्राइवर्स को हटाने के बाद यह घोटाला रुक गया था। इसके बावजूद बड़े स्तर पर डीजल चोरी के मामले सामने आते रहे है। बता दें कि निगम के एक हजार से अधिक वाहनों के लिए प्रतिमाह करीब 26 टैंकर डीजल आता है। इसका सालारा खर्च करीब 12 करोड़ रुपये के आसपास है।
कचरा वाहनों से भी नहीं रुक रही डीजल चोरी
इधर, कचरा वाहनों से भी डीजल चोरी होने के मामले समय-समय पर सामने आती रही है। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने निर्णय लिया था कि सभी कचरा वाहनों में सेंसर लगाए जाएंगे। वहीं व्यवस्था में परिवर्तन कर एएचओ को डीजल आवंटित करने का अधिकार सौंपा गया था। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं थम नहीं रही हैं।