देश
CM पटनायक का ऐलान- कोरोना से जान गंवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा शहीद का दर्जा

भुवनेश्वरः ओडिशा सरकार कोरोना से लोगों को बचाने में जान गंवाने वाले चिकित्साकर्मियों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को शहीद का दर्जा देगी और राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि कराएगी। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इस आशय की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी की मौत होने पर राज्य सरकार उनके परिजनों को 50 लाख रुपये देगी। सरकारी हो या निजी अस्पताल सभी स्वास्थ्यकर्मियों और उनकी सहायता में लगे सभी सेवाओं के सदस्यों लिए यह घोषणा की गई है। इसके साथ ही संबंधित स्वास्थ्यकर्मी के परिवार को रिटायर होने की अवधि तक पूरा वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा उनके परिवार को पेंशन भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोरोना योद्धाओं का अंतिम संस्कार राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दिवस के मौके पर कोरोना योद्धाओं को सम्मान दिया जाएगा।





