पुरानी रंजिश के चलते किराना दुकान संचालक पर ईंट से किया हमला, जुर्म दर्ज

बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज में पुरानी रंजिश के चलते किराना व्यापारी पर ईंट से हमला कर दिया गया। इस मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार तेलीपारा स्थित दरबार लाज के पास रहने वाले रोहित पांडेय पिता संजय पांडेय आठवीं तक पढ़े हैं और किराना दुकान चलाते हैं। मंगलवार की रात वे सदरबाजार स्थित कृष्णा डेयरी गए थे। लौटते समय खपरगंज के पास पहुंचे थे। घटना रात करीब 7.15 बजे की है। रास्ते में उन्हें सोनू खान उर्फ सोल्डर कसाई ने रोक लिया।
इस दौरान पुरानी रंजिश के चलते उसने गाली गलौज शुरू कर दिया। इस पर रोहित पांडेय ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया। देखते ही देखते आरोपित युवक ने हाथ में ईंट उठा लिया है और रोहित पांडेय को जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। इस हमले में रोहित घायल हो गए। इस दौरान उनके दोस्त निकेश कौशिक भी था। उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। बाद में आहत ने इस घटना की सूचना कोतवाली थाने में दी। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
दूध लेकर लौटते समय रास्ता रोक की मारपीट
आहत किराना व्यापारी ने पुलिस को बताया कि वे रात में दूध लेने दुकान गए थे। दूध लेकर लौटते समय रास्ते में आरोपित ने रोक लिया। फिर पुराने विवाद के चलते गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। उनकी रिपोर्ट के बाद पुलिस ने साधारण मारपीट का मामला दर्ज किया है। इसके चलते पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहा है।






