वहीं बीते साल जुलाई में हुए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में भी टिकट न मिलने व अन्य कारणों से कार्यकर्ता रूठकर घर बैठ गए थे। इसका नुकसान भी पार्टी को उठाना पड़ा था। कुछ दिन पहले प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद एक बार फिर कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आई। इंदौर में पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध जताया गया। माहौल को भांपते हुए प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल ने इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए अरविंद बागड़ी की नियुक्ति को स्थगित कर दिया।
दो माह चलेगा हाथ-हाथ
प्रदेश में 26 जनवरी से शुरू हुए कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में नेता व कार्यकर्ता दो माह तक भाजपा सरकार की विफलताएं बताएंगे। एक माह तक पदयात्रा के माध्यम से पार्टी नेता और कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद करेंगे। इसमें भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के साथ 15 माह की कमल नाथ सरकार में हुए कामों के बारे में बताया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने गुरुवार को भोपाल के मुगालिया छाप गांव से यात्रा का शुभारंभ किया।