बगदादी ने जान बचाने के लिए दुश्मनों को 67,000 डॉलर में खरीदा, लेकिन धोखा दिया वफादार ने

वॉशिंगटन। इस्लामिक स्टेट के मुखिया अबू बकर अल-बगदादी ने उत्तरी सीरिया के उस हिस्से में छिपने के लिए प्रतिद्वंद्वी संगठन के सदस्यों को हजारों डॉलर दिए थे, जहां बगदादी का रहना ना-मुमकिन था। बगदादी के मारे जाने के बाद पहला सवाल यही उठा था कि बगदादी उत्तरी सीरिया में नहीं छिपा हो सकता था क्योंकि वह उसके दुश्मनों का इलाका था। मगर, अधिकारियों को मिली रसीदों और कागजादों से पता चला है कि बगदादी ने अल-कायदा के अनौपचारिक सहयोगी संगठन हुर्रास अल दीन के सदस्यों को 67,000 डॉलर का भुगतान किया था। यह संगठन इस्लामिक स्टेट का दुश्मन है। दो अमेरिकी अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि बगदादी ने अपनी जान बचाने के लिए दुश्मनों को तो खरीद लिया था, जिन्होंने बगदादी के राज को गुप्त रखा, मगर उसे धोखा मिला अपने ही सबसे विश्वासपात्र शख्स से।
बगदादी के ठिकाने पर अमेरिका के विशेष सैन्य बल के छापे के बारे में बुधवार को अन्य नई जानकारियां सामने आई हैं। अमेरिकी बलों ने अल-बगदादी के परिसर से कई लैपटॉप और सेलफोन बरामद किए हैं। पेंटागन के अनुसार, अल-बगदादी और दो बच्चों के अलावा, परिसर में छह अन्य लोग मारे गए थे, जब बगदादी ने आत्मघाती जैकेट से खुद को उड़ा लिया था।
अल-बगदादी ने अपने जीवन के अंतिम महीने इदलिब प्रांत के बर्दिशा गांव में स्थित एक घर में बिताए। सीरिया और इराक के बीच सीमा से लगा यह इलाका प्रतिद्वंद्वी जिहादी समूहों के प्रभुत्व वाला है और इस्लामिक स्टेट के पूर्व इलाके से सैकड़ों मील दूर है। इस्लामिक स्टेट के नेता के लिए यह इलाका बेहद असुरक्षित और खतरनाक होना चाहिए था क्योंकि वह दुनिया में सबसे ज्यादा वांछित व्यक्ति था। इसके अलावा हुर्रास अल दीन के कई सदस्यों को इस्लामिक स्टेट के आतंकियों ने बर्बरता से मारा था। मगर, फिर भी हुर्रास अल दीन के सदस्यों को बगदादी ने पैसों के बल पर खरीद लिया था।
साल 2017 के शुरू से लेकर साल 2018 के बीच की आठ रसीदें मिली हैं, जो सुरक्षा और मीडिया उपकरण, वेतन और लॉजिस्टिक खर्च के लिए हुर्रास अल दीन के सदस्यों को इस्लामिक स्टेट द्वारा भुगतान किए जाने की जानकारी देती हैं। रसीदें इस्लामिक स्टेट मिनिस्ट्री ऑफ सिक्योरिटी के लोगो के साथ जारी की गईं थीं और हुर्रास अल दीन के अधिकारियों के रूप में पहचाने जाने वाले पुरुषों द्वारा इन पर हस्ताक्षर किए गए थे।
साल 2018 की गर्मियों में जारी की गई एक रसीद के अनुसार, 7,000 डॉलर का खर्च अल खैर प्रांत से आने वाले भाइयों के लिए ठिकानों की तैयारी के लिए भुगतान के रूप में इस्लामिक स्टेट की तरफ से दी गई थी। इतना सब करने के बाद भी बगदादी को आखिरकार तलाश लिया गया और मार गिराया गया क्योंकि उसके अपने ही वफादार और राजदार ने उसके बारे में हर जानकारी अमेरिकी खुफिया अधिकारियों तक पहुंचा दी थी।
अगर उसने बगदादी के बारे में सटीक जानकारियां नहीं दी होती, तो अमेरिका के लिए 26 अक्टूबर की रात को बगदादी को मार गिराने के ऑपरेशन को अंजाम देना संभव नहीं हो पाता। बगदादी की मुखबिरी करने वाले खबरी को 25 मिलियन डॉलर का इनाम मिल सकता है। जिस वक्त अमेरिकी सेना ने सीरिया के प्रांत इदलिब में बगदादी के ठिकाने पर हमला किया, तब खबरी भी उसी घर में मौजूद था। उस खबरी को उसके परिवार के साथ दो दिनों के बाद इलाके से निकाला गया।






