शाह बोले- विदेश यात्राओं के दौरान होटल में रुकने की बजाए एयरपोर्ट पर ही ठहरते हैं PM मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों की काफी चर्चा रहती है। विपक्ष अक्सर पीएम मोदी के विदेशी दौरों पर होने वाले खर्चों को लेकर सवाल उठाता रहता है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि पीएम मोदी विदेशी दौरों को लेकर इस बात की तरफ खास ध्यान रखते हैं कि किसी तरह खर्चों में कटौती की जा सके। शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश यात्राओं में हॉल्ट के दौरान फाइव स्टार होटल में रात गुजारने की बजाए एयरपोर्ट टर्मिनल्स पर ही आराम या नहाने आदि का विकल्प चुनते हैं।
शाह ने कहा कि अपने व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में पीएम मोदी ने एक बहुत ही अनुशासित व्यवस्था का पालन करते हैं। शाह ने बताया कि जब भी पीएम मोदी विदेश यात्रा पर जाते हैं तो वे अपने साथ 20 फीसदी तक कम स्टाफ साथ ले जाते हैं। इसी तरह पीएम मोदी ने आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के लिए बड़ी संख्या में कारों के इस्तेमाल पर भी लगाम लगाई है। पहले अधिकारी अलग-अलग कारों का में जाते थे लेकिन अब वे बस या किसी बड़े वाहन में एक साथ जाते हैं। एसपीजी संशोधन विधेयक 2019 पर जवाब देते हुए शाह ने कहा कि विपक्ष को सिर्फ एक परिवार की चिंता है जबकि पीएम मोदी को पूरे देश की।
शाह ने कहा कि गांधी परिवार को जेड प्लस सीआरपीएफ कवर, एएसएल और एम्बुलेंस के साथ सुरक्षा दी गई है। उन्होंने कहा कि मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि एक भी सुरक्षा कर्मी को वहां से कम नहीं किया गया है। बल्कि सुरक्षा बढ़ाई गई है। केद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि पहले एसपीजी अधिनियम में संशोधन एक ही परिवार को ध्यान में रखकर किए गए थे जबकि इस बार प्रधानमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बदलाव किए गए हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि इन्हें एसपीजी सुरक्षा चाहिए जो प्रधानमंत्री के लिए होती है। लोकतंत्र में जो फैसले जनता करती है उसे स्वीकारा करें, अब आप (सत्ता में) नहीं हैं।





