दिसंबर में ही दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा पिछले 22 सालों का रिकॉर्ड, पड़ रही हाड़ कंपाने वाली ठंड

उत्तर भारत में अब हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर शुरू हो गया है। अगले 24 घंटों में कोल्ड डे कंडीशन बरकरार रहने और कहीं-कहीं घने कोहरे की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार का दिन पिछले 20 वर्षों में सबसे ठंडा रहा और दिन का अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 10 डिग्री सैल्सियस कम है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार का दिन 1997 के बाद सबसे ठंडा दिन रहा और सुबह का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सैल्सियस रहा जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।
हरियाणा में 3 दिन तक मौसम खुश्क रहने और पंजाब व अन्य राज्यों में 72 घंटों तक मौसम साफ रहने के बाद हल्की बारिश के आसार हैं। क्षेत्र में कल सबसे सर्द दिन रहा तथा कोहरे ने चंडीगढ़ आने-जाने वाली उड़ानों पर प्रभाव डाला तथा सभी उड़ानें विलंब से पहुंचीं। इसके अलावा सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा। चंडीगढ़, रोहतक में पारा 9 डिग्री, अंबाला, हिसार, आदमपुर में 8 डिग्री, दिल्ली 10 डिग्री, श्रीनगर माइनस 3 डिग्री तथा जम्मू 7 डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद बंद सैंकड़ों सड़कें अभी तक खुल नहीं सकी हैं। शिमला का पारा 2 डिग्री, मनाली माइनस 2 डिग्री, कल्पा माइनस 5 डिग्री रहा।
देश को श्रीनगर से जोड़ने वाले 270 किलोमीटर लम्बे हाईवे पर रामबन जिले के गंगरू-रामसू और मोमपासी में सोमवार रात को भूस्खलन होने के कारण यातायात बाधित रहा। हाईवे बंद होने के कारण 5 हजार से अधिक वाहन फंसे हुए हैं। लद्दाख का तापमान माइनस 12 डिग्री रहा। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बर्फबारी के कारण बद्रीनाथ धाम पूरी तरह से बर्फ की चादर में ढक गया है।





