Priyanka Gandhi Rally: प्रियंका गांधी की सभा में फेंकी कुर्सियां, भूपेश बघेल-हेमंत सोरेन ने संभाला

रांची। Priyanka Gandhi Rally LIVE प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को चुनौती देती हूं कि सीएनटी एसपीटी पर बोलिए, दुष्कर्म पर बोलिए, गायब रोजगार पर बोलिए। बीते दिन झारखंड की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कांग्रेस को दी गई चुनौती का जवाब देते हुए कहा कि आप देश के प्रधानमंत्री हैं या बंटवारे के प्रधानमंत्री हैं, इस पर बोलिए। झारखंड के पाकुड़ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने कहा कि जिस तरह आप मैदान से कुर्सियां हटा रहे हैं, आप इनकी सरकार को कुर्सी से हटाइए। ऐसी सरकार बनाइए जो आपके हित में काम करे। सोच समझकर अपना वोट दीजिए। हम आपके लिए काम करेंगे।
झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पाकुड़ में जनसभा कीं। उन्होंने बरहरवा में कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलम के समर्थन में वोट मांगा। इस दौरान कुछ समय के लिए लोगों में अफरातफरी की स्थिति बन गई। लोगों ने एक दूसरे के ऊपर कुर्सियां फेंकी। हेमंत सोरेन ने मंच से सबसे शांति की अपील की। कुर्सियां नहीं फेंकने की गुहार लगाई।
प्रियंका गांधी ने कहा कि जल-जंगल-जमीन आपकी है। आप सिद्हो कान्हो की धरती से हैं। ये चुनाव झारखंड के अस्तित्व बचाने का चुनाव है। भाजपा की सरकार आपकी आत्मा पर हमला कर रही है। भाजपा की विचारधारा अंधी है। आदिवासी संस्कृति पर वार कर ये आपको बरबाद करते हैं। भाजपा ने सीएनटी-एसपीटी एक्ट का दुरुपयोग किया। इंदिरा गांधी ने आजीवन आपके लिए काम किया। भाजपा की सरकार जमीनें छिनने में लगी हैं। प्रियंका बोलीं, उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले में आदिवासी भाई बहनों की निर्मम हत्या की गई। जमीन लेने के प्रयास में खूब खून खराबा हुआ। मुझे मिलने से भी रोक दिया गया। संताल के सियासी जंग में आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी दम भर रही हैं।
प्रियंका दिन के एक बजे विशेष विमान से पहले पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर एयरपोर्ट पर आईं। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के श्रीकुंड मैदान स्थित सभास्थल पर पहुंचीं। इस चुनावी जनसभा में महागठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे। हेमंत दुमका और बरहेट दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं
प्रधानमंत्री की चुनाैती के जवाब में प्रियंका ने भी दी चुनौती, मोदी जी दुष्कर्म पर क्यों नहीं बोलते?
2:55 PM : असम में एनआरसी और नागरिकता कानून के विरोध पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने खोखली चुनौती दी है। मैं प्रधानमंत्री को चुनौती देती हूं कि सीएनटी एसपीटी पर बोलिए, दुष्कर्म पर बोलिए, गायब रोजगार पर बोलिए। आप देश के प्रधानमंत्री हैं या बंटवारे के प्रधानमंत्री हैं, इस पर बोलिए। जिस तरह आप मैदान से कुर्सियां हटा रहे हैं, आप इनकी सरकार को कुर्सी से हटाइए। ऐसी सरकार बनाइए जो आपके हित में काम करे। सोच समझकर अपना वोट दीजिए। हम आपके लिए काम करेंगे। आप सबका धन्यवाद। प्रियंका ने अपना संबोधन समाप्त किया।
2:50 PM : प्रियंका गांधी ने देशभर में हो रहे दुष्कर्म पर कहा कि ये लोग महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गैर जवाबदेह हैं। झारखंड में एक दुष्कर्म के आरोपी के साथ प्रधानमंत्री मोदी मंच पर खड़े होते हैं। लेकिन मोदी जी इन सब पर कुछ नहींबोलते हैं। मोदी सरकार नौकरी देने में फेल हुई, बहाना कांग्रेस पार्टी। यह सरकार अपनी नाकामियों के लिए कांग्रेस पर ठीकरा फोड़ रही है। सच्चाई ये है कि भाजपा ने पांच साल में आपको कुछ नहीं दिया। यह जिम्मेदारी प्रधानमंत्री की है। ये सिर्फ खोखले भाषण करते हैं। अर्थव्यवस्था ठप हो गई है, अब ये नए कानून लाकर लोगों को बरगला रहे हैं।
2:45 PM : कांग्रेस नेता प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकार गरीबों की चिंता करती है। छत्तीसगढ़ में 27 फीसद आरक्षण पिछड़ों को मिल रहा है। पाकुड़ में 150 रुपये प्याज मिल रहा है। भाजपा सरकार के शासन में गरीबों से पैसा छिनकर अमीरों को दिया जा रहा है। इन्होंने मनरेगा को बंद कर दिया। बच्चों के चार हजार स्कूल बंद कर दिए। पारा शिक्षकों के आंदोलन को कुचला गया। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका से ज्यादती की गई है। ये रेलवे, एयरपोर्ट तक को बेच रहे हैं।
2:40 PM : प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही। आपकी बच्चियां भात-भात करके मर रही हैं। 12 लाख राशन कार्ड रद कर दी। प्रचार में भाजपा सरकार सुपर हीरो है, काम में जीरो है। भ्रष्ट सरकार से मैं पूछना चाहती हूं कि कितने युवाओं को रोजगार दिया। कितनी गरीबी मिटाई। कितने उद्योग लगाए। अमीरों की जेब भरने की सरकार है। जमीन लूटने की सरकार है।
2:35 PM : प्रियंका गांधी ने कहा कि जल-जंगल-जमीन आपकी है। आप सिद्हो कान्हो की धरती से हैं। ये चुनाव झारखंड के अस्तित्व बचाने का चुनाव है। भाजपा की सरकार आपकी आत्मा पर हमला कर रही है। भाजपा की विचारधारा अंधी है। आदिवासी संस्कृति पर वार कर ये आपको बरबाद करते हैं। भाजपा ने सीएनटी-एसपीटी एक्ट का दुरुपयोग किया। इंदिरा गांधी ने आजीवन आपके लिए काम किया। भाजपा की सरकार जमीनें छिनने में लगी हैं। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले में आदिवासी भाई बहनों की निर्मम हत्या की गई। जमीन लेने के प्रयास में खूब खून खराबा हुआ। मुझे मिलने से भी रोक दिया गया।
2:30 PM : हेमंत सोरेन ने कहा कि एनआरसी, नागरिकता संशोधन कानून, राम मंदिर और सरदार पटेल के नाम पर वोट मांग रहे हैं। इनका काम सबको एक दूसरे से लड़ाना है। हमें इन्हें एकता की ताकत दिखानी है। हमारे बीच के लोग जो उनका एजेंट बन गये हैं, उनका हिसाब करना है। धन बल और पैसे के खेल से यह चुनाव लड़ा जा रहा है। यह चुनाव राज्य में बदलाव की बयार लेकर आई है। हमारी गठबंधन सरकार में कोई किसान आत्महत्या नहीं करेगा। हम सारा कर्ज माफ करेंगे। किसानों को मुफ्त बिजली देंगे। गरीब को साल में 72 हजार रुपये देंगे।
2:25 PM : हेमंत ने कहा कि रघुवर दास ने पांच साल तक लोगों को रुलाया है। मॉब लिंचिंग और गौ तस्करी के नाम पर लोगों की जान ली गई। आज हमें यह निर्णय लेना है कि इन मेहमानों को यहां से चलता कर दें। यूपी के मुख्यमंत्री गेरुआ वस्त्र पहनकर घूम रहे हैं। भाजपा के नेता बहू-बेटियों की आबरू लूटते हैं। महंगाई चरम पर है। लेकिन सरकार को जनता की कोई चिंता नहीं है। लोग 200 रुपये किलो खरीदकर प्याज खा रहे हैं।
2:20 PM : झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि इस बार का चुनाव विचित्र किस्म का चुनाव है। झारखंड में भाजपा और आजसू की सरकार चल रही है। लेकिन ये अलग अलग चुनाव लड़कर लोगों को धोखा दे रहे हैं। यह सैलाब बता रहा है कि मोदी की जरूरत नहीं, रोटी की जरूरत है। रघुवर नहीं रोजगार चाहिए। पूरे देश में भाजपा सरकार ने आग लगा रखी है। ये जात धर्म पर वोट मांग रहे हैं। ऐसे लोगों को पहचानिए। आजसू और भाजपा के लोगों में गाय बछड़ा का गठबंधन है। यह ऐसी गाय है जिसकी रस्सी अमित शाह और रघुवर दास के हाथों में है। संभलकर रहिए, ये मिलावटी केला है। इससे पेट खराब हो जाएगा।
2:15 PM : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस बदहाली को खुशहाली में बदलने का काम कर रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पांच चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव में गठबंधन की सरकार बननी तय है। झारखंड की जनता ने तय कर लिया है कि हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बनेंगे। छत्तीसगढ़ और झारखंड एक साथ बना है। भौगोलिक स्थिति भी एक जैसी है। हमने राहुल गांधी के निर्देश पर किसानों के सारे कर्ज माफ कर दिए। 2500 रुपये प्रति क्विंटल धान की खरीद करते हैं। 11 हजार करोड़ का ऋण माफ कर दिया। जमीन छिनकर उद्योगपति को दिया गया था, लेकिन हमने उन्हें वह जमीन वापस कर दी। 1700 किसानों की 4200 एकड़ जमीन वापस कर दी गई।
2:10 PM : प्रियंका गांधी पाकुड़ पहुंच गई हैं। यहां कांग्रेसियों ने अपने नेता प्रियंका गांधी, भूपेश बघेल, आरपीएन सिंह की आगवानी में खूब नारे लगाए। प्रियंका यहां कांग्रेस उम्मीदवार आलमगीर आलम के लिए चुनावी जनसभा कर रही हैं। प्रियंका को देखने-सुनने के लिए यहां भारी भीड़ पहुंची है। महिलाएं भारी तादाद में कांग्रेस नेता को सुनने के लिए सभा में मौजूद हैं। उत्साह से भरे युवा गर्मजोशी के साथ अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं।
2:00 PM : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी विशेष विमान से नई दिल्ली से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर एयरपोर्ट पहुंच गई हैं। वे यहां से हेलीकॉप्टर से पाकुड़, श्रीकुंड हाई स्कूल मैदान के लिए निकली हैं। यहां वे पाकुड़ के कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलम और बरहेट के झामुमो उम्मीदवार हेमंत सोरेन के लिए चुनावी जनसभा करेंगी। थोड़ी देर में प्रियंका की सभा शुरू होगी। यहां अपने नेता प्रियंका गांधी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक पहुंचे हैं।
1:50 PM : अब आखिरी दौर में संताल में सियासी जंग आ पहुंची है। 20 दिसंबर को मतदान के पहले आज चुनावी शोर थम जाएगा। अब तक झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत चार दौर का मतदान संपन्न हो गया है। पांचवें व अंतिम दौर में संताल परगना प्रमंडल की 16 सीटों पर 20 दिसंबर को मतदान होगा, जिसमें 237 प्रत्याशियों का भविष्य तय होगा। मतदान शुरू होने के 48 घंटे पहले इन सभी सीटों पर बुधवार को चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा। इस दौर के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन, मंत्री लुइस मरांडी, मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व मंत्री प्रदीप यादव, पूर्व स्पीकर आलमगीर आलम जैसे दिग्गजों की प्रतिष्ठा जुड़ी है। हेमंत दो सीटों दुमका और बरहेट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस दौर में एक वर्तमान विधायक साइमन मरांडी को छोड़ सभी चुनावी मैदान में हैं।
1:40 PM : पांचवें चरण के प्रचार के अंतिम दिन आज प्रियंका गांधी पाकुड़ के बरहड़वा में चुनावी सभा कर रही हैं। भाजपा के मुकाबले प्रचार अभियान में पिछड़ी कांग्रेस ने अपना अंतिम दांव प्रियंका गांधी पर लगाया है। झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी और पांचवें चरण के अंतिम दिन चुनाव प्रचार करने वे संताल में हैं। दरअसल, राहुल गांधी की अपेक्षा प्रियंका गांधी की ज्यादा मांग यहां आरंभ से थी, लेकिन कांग्रेसियों की दिल्ली दरबार में लगाई गई गुहार काम नहीं आई। अब वे पांचवें दौर में आ रही हैं। राहुल गांधी दूसरे चरण में सक्रिय हुए, लेकिन ज्यादा प्रभाव जमाने में उन्हें कामयाबी नहीं मिली। उनकी अपेक्षा भाजपा की सभाओं में ज्यादा भीड़ उमड़ी। प्रियंका गांधी पाकुड़ विधान सभा क्षेत्र के महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलम के पक्ष मे बरहड़वा प्रखंड के मिल्लत उच्च विद्यालय के मैदान में जनसभा करेंगी।
बुधवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन संताल की अन्य चुनावी सभाएं
- देवघर : सारठ में भाजपा के स्टार प्रचारक जेपी नड्डा का कार्यक्रम।
- गोड्डा : महागामा में असदुद्दीन ओवैसी की सभा।
- बाबुल सुप्रियो और रवि किशन की सभा।
- गोड्डा : ठाकुरगंगटी में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की सभा।
1:30 PM : झारखंड विधानसभा चुनाव में विकास के एजेंडे से शुरू चुनाव प्रचार अब नागरिकता संशोधन कानून पर आकर ठहर गया है। सीएए पर देशभर में छिड़ी बहस के बीच बीते दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रचार के क्रम में कहा था कि कांग्रेस और उसके सहयोगी युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर चला रहे हैं। पीएम ने कहा था कि कांग्रेस मुसलमानों को भड़का रही है। पीएम ने चुनौती दी थी कि हिम्मत है तो वह सत्ता में आने पर हर पाकिस्तानी को भारतीय नागरिकता देने का एलान करे। पांचवें और अंतिम चरण के लिए प्रचार बुधवार को थम जाएगा। डेढ़ माह से अधिक समय तक चले चुनावों में प्रचार के कई रंग भी देखने को मिले। चुनाव प्रचार विकास के एजेंडे से शुरू हुआ और नागरिकता संशोधन कानून की जिरह पर समापन हो रहा है।
1:20 PM : झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण में संवेदनशील बूथों की भरमार है। हालांकि यहां सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक इस चरण में 1347 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग के जरिये ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। 133 बूथों की जिम्मेदारी केवल महिला चुनाव कर्मी संभालेंगी। कई बूथों पर मतदान से एक दिन पहले चुनावकर्मी हेलीकॉप्टर से पहुंचाए जाएंगे ।
1:10 PM : भाजपा के मुकाबले प्रचार अभियान में पिछड़ी कांग्रेस ने अपना अंतिम दांव प्रियंका गांधी पर लगाया है। झारखंड विधानसभा चुनाव के आखिरी और पांचवें चरण के अंतिम दिन चुनाव प्रचार करने वे संताल में आएंगी। दरअसल, राहुल गांधी की अपेक्षा प्रियंका गांधी की ज्यादा मांग यहां आरंभ से थी, लेकिन कांग्रेसियों की दिल्ली दरबार में लगाई गई गुहार काम नहीं आई। अब वे पांचवें दौर में आ रही हैं। राहुल गांधी दूसरे चरण में सक्रिय हुए, लेकिन ज्यादा प्रभाव जमाने में उन्हें कामयाबी नहीं मिली। उनकी अपेक्षा भाजपा की सभाओं में ज्यादा भीड़ उमड़ी। प्रियंका गांधी पाकुड़ विधान सभा क्षेत्र के महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलम के पक्ष मे बरहड़वा प्रखंड के मिल्लत उच्च विद्यालय के मैदान में जनसभा करेंगी।







