Hemant Soren Oath Ceremony LIVE: थोड़ी देर में हेमंत सोरेन के साथ 3 मंत्री लेंगे शपथ, जुटे देशभर के दिग्गज

झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में अब से कुछ देर बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन शपथ लेंगे। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और राजद के सत्यानंद भोक्ता मंत्री पद की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री की ओर से राजभवन को इन मंत्रियों को शपथ दिलाने के लिए सूची भेजी गई है। समझा जा रहा है कि खरमास के बाद अब हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिसमें सभी नामों पर फैसला होगा। फिलहाल कांग्रेस से पांच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से छह और राजद से एक को मंत्रिमंडल में शामिल करने के फॉर्मूले पर महागठबंधन में सहमति बनी है।
-
12:26 PM
हेमंत के शपथ ग्रहण मंच पर कोहबर कला, झारखंडी संस्कृति पर जोर
झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में झारखंडी संस्कृति पर जोर है। मंच पर झारखंड की कोहबर कला के साथ ही झारखंडी कला संस्कृति को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। यहां समाचार संकलन के लिए अभी से ही बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी जुटने लगे हैं। अब से कुछ देर बाद मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने वाला है।
मुख्यमंत्री नामित श्री @HemantSorenJMM के शपथ ग्रहण समारोह के समाचार संकलन हेतु बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी जुटे हैं। मंच में झारखण्ड की कला संस्कृति को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। @JharkhandCMO #Jharkhand
IPRD Jharkhand के अन्य ट्वीट देखें -
12:08 PM
भूपेश बघेल, तेजस्वी यादव के साथ स्टालिन, कनिमोझी और टीआर बालू रांची पहुंचे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन, कनिमोझी और सांसद टीआरबालू रांची पहुंच गए हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजद नेता तेजस्वी यादव भी समारोह के गवाह बनने पहुंचे हैं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी नेता समारोह में शामिल होने के लिए निकले हैं। अब से कुछ देर बाद रांची के मोरहाबादी मैदान में सीएम हेमंत सोरेन शपथ लेंगे।
-
12:03 PM
झारखंड के 11वें सीएम के शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बन रहा मोरहाबादी मैदान
झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान सजधज कर तैयार है। रविवार को दिन के दो बजे से प्रस्तावित समारोह को केंद्र मेें रखकर प्रोटोकॉल के हिसाब से अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है, वहीं पार्किंग के साथ-साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुल 95 हजार वर्गफीट में निर्मित तीन वाटरप्रूफ पंडाल में 15 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। बिजली, पानी, चिकित्सा, अग्निशमन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर खास फोकस किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पंडाल तथा स्टेज के बीच पर्याप्त दूरी रखी गई है।
मुख्यमंत्री नामित श्री @HemantSorenJMM कुछ देर में झारखण्ड के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। श्री सोरेन राज्य के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी। @JharkhandCMO#Jharkhand
IPRD Jharkhand के अन्य ट्वीट देखें -
11:32 AM
हेमंत ने कहा-पिछले कार्यकाल की योजनाएं करेंगे लागू
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि निश्चित तौर पर हम उन तमाम योजनाओं को फिर से धरातल पर उतारेंगे जो पिछली बार कम अवधि मिलने की वजह से पूरी नहीं हो पाई थी। तमाम योजनाएं अगर संचालित रहती तो गरीबों का जीवन स्तर बेहतर होता। हम तमाम योजनाओं को फिर से लागू करेंगे। आप सही कह रहे हैैं। दुर्भाग्य से यह कार्य रुक गया है पिछली सरकार के कार्यकाल में। हम बोलने में नहीं करने में विश्वास रखते हैैं। शहीदों के परिजनों को हम नौकरी देंगे। सरकार शहीदों के परिवार का पूरा ख्याल रखेगी। झारखंड आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के आश्रितों को नौकरी दी जाएगी। अब वे सड़क पर भटकते हुए आपको नहीं दिखेंगे। मैैं परमवीर अल्बर्ट एक्का की समाधि पर गया था पुष्पांजलि करने। झारखंड के लिए बड़ा योगदान है। हम शहीदों के परिजनों का ख्याल रख गौरवान्वित महसूस करते हैैं। इस बार भी हम उनके लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं लागू करेंगे।
-
10:37 AM
हम न्यूनतम साझा कार्यक्रम लागू करेंगे : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि महागठबंधन सरकार चलाने के लिए हम न्यूनतम साझा कार्यक्रम लागू करेंगे। पूर्व की सरकार भी हमने कामन मिनिमम प्रोग्राम के तहत चलाई थी। साथी दलों के साथ बैठकर हम इसे पुख्ता तौर पर तैयार करेंगे। चुनाव के दौरान भी हमने साझा प्रचार अभियान चलाया था और आम जनता के समक्ष अपने मुद्दे रखे थे। जल, जंगल, जमीन पर लोगों का अधिकार है। यह अधिकार हर हाल में बना रहेगा। हमारी पृष्ठभूमि इसी से जुड़ी है और इससे समझौते का कोई सवाल ही नहीं उठता।
-
10:33 AM
हेमंत बोले, लोगों का प्यार पाकर अभिभूत हूं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि पूरे राज्य में उत्साह का माहौल बना है। राज्य के बाहर से भी लोगों के बधाई संदेश लगातार मिल रहे हैैं। लोगों का इतना प्यार और स्नेह पाकर मैैं वाकई अभिभूत हूं और इसे कभी भुला नहीं सकता। यह लोगों की शुभकामना का असर है कि मुझे राज्य की सेवा करने का मौका मिला है। मेरा प्रयास है कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान आए और राज्य खुशहाली और विकास की ओर अग्रसर हो। मैैं इस दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य करूंगा। मुझे इस बात की खुशी है कि झारखंड के लोगों ने यकीन किया। सचमुच झारखंड के कोने-कोने से लोगों का मिल रहा स्नेह और आशीर्वाद अकल्पनीय है। सभी को मेरा धन्यवाद। यह मेरा संकल्प है कि हर झारखंडी के सपने पूरे होंगे। हम नए झारखंड की राह पर चल पड़े हैैं। झारखंड विकास का नया अध्याय लिखेगा।
-
10:30 AM
पप्पू यादव ने कहा, हेमंत रचेंगे नया इतिहास
बिहार जनअधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव ने अपने संदेश में कहा है कि झारखंड और हेमंत सोरेन जी को नई सुबह की शुभकामनाएं! बिरसा मुंडा जी के विचारों से ओतप्रोत सरकार का आज उदय हो रहा है। हेमंत सोरेन जी ने शपथ ग्रहण समारोह में आने का दिल से आग्रह किया था, पर मुझे NRC-NPR के खिलाफ लड़ाई में भाग लेना है। अतः अनुज हेमंत जी माफ करें, वह नया इतिहास रचें!झारखंड और हेमंत सोरेन जी को नई सुबह की शुभकामनाएं!बिरसा मुंडा जी के विचारों से ओतप्रोत सरकार का आज उदय हो रहा है। @HemantSorenJMM जी ने शपथ ग्रहण समारोह में आने का दिल से आग्रह किया था।पर मुझे NRC-NPR के खिलाफ लड़ाई में भाग लेना है।अतः अनुज हेमंत जी माफ करें,वह नया इतिहास रचें!
337 लोग इस बारे में बात कर रहे हैं -
09:58 AM
हेमंत बोले, ठोस जनादेश से मनोबल ऊंचा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि इस बार जनता ने ठोस जनादेश दिया है। अगले पांच साल इस राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण होंगे। हम लोगों को विश्वास दिलाते हैैं कि हम देश में झारखंड की अलग पहचान कायम करेंगे। झारखंड तेजी से आगे बढ़ेगा। शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से लोग आ रहे हैैं और वे भी इसका अहसास करेंगे कि झारखंड में परिवर्तन होना एक शुभ संकेत है।
CM Designate श्री हेमंत सोरेन जी आज दोपहर 2 बजे झारखण्ड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
आप सभी से अपील है कि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें।
मोरहाबादी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में आप सभी सादर आमंत्रित हैं।#HemantTakesOath @HemantSorenJMM
284 लोग इस बारे में बात कर रहे हैं -
09:18 AM
सीएम हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण का गवाह बनने सीताराम येचुरी पहुंचे रांची

सीएम हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण का गवाह बनने सीताराम येचुरी रांची पहुंच गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में सीपीआइ के महासचिव डी राजा व राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान के अलावा कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीतारम येचुरी भी शामिल हो रहे हैं। समारोह को लेकर आम और खास दोनों ही वर्गों में खासा उत्साह है। मोरहाबादी में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन से अनुरोध किया जा रहा है कि वे मोरहाबादी मैदान से जुड़े पड़ोस के इलाकों में शपथ ग्रहण समारोह से जुड़े कार्यक्रमों के सीधा प्रसारण की व्यवस्था करें।
-
09:16 AM
रांची के मोरहाबादी मैदान में दिखेगा हर तबके का प्रतिनिधित्व
झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि रविवार को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में समाज के हर तबके की भागीदारी होगी। इसमें राजनीतिज्ञ भी होंगे, उद्योगपति भी और आम जनता भी। सहकारी समितियों का प्रतिनिधत्व भी यहां देखने को मिलेगा। आगंतुक अतिथियों के स्वागत की पूरी तैयारी की गई है। पुलिस प्रशासन और महागठबंधन के अनुशासित कार्यकर्ताओं के बूते यह समारोह देशवासियों के बीच एक संदेश छोडऩे में सफल रहेगा। वे रविवार को मीडिया से मुखातिब थे।
-
08:58 AM
आरपीएन ने रामेश्वर उरांव को तैयार रहने को कहा
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष से मिलने के बाद आरपीएन सिंह ने मीडिया को बताया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत अन्य सीनियर नेताओं के रविवार को रांची पहुंचने की जानकारी हेमंत सोरेन को दी और कांग्रेस की तैयारियों के बारे में भी बताया। मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में आरपीएन ने किसी के नाम का खुलासा तो नहीं किया, लेकिन यह जरूर कहा कि इंतजार करिए, समय पर सभी जानकारी मिल जाएगी।
-
08:31 AM
कांग्रेस आलाकमान का संदेश लेकर हेमंत से मिले आरपीएन
शपथ ग्रहण समारोह के एक दिन पूर्व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन से कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह मिले और आलाकमान का संदेश दिया। दोनों नेताओं की बैठक में रामेश्वर उरांव के नाम पर मुहर लगी और यहीं से निकलकर आरपीएन ने रामेश्वर उरांव को तैयार रहने का संदेश दिया। सूत्रों के अनुसार कैबिनेट विस्तार को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई। मंत्रिमंडल में कांग्रेस पांच सदस्यों के साथ शामिल हो सकती है। बाकी नेताओं के नाम अगले 15 दिनों में फाइनल होंगे।
-
07:45 AM
राजद कोटे से भी एक मंत्री ले सकते हैं शपथ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल का विस्तार मकर संक्रांति के बाद होगा। फिलहाल सभी मंत्रियों के नाम तय नहीं हुए हैैं, लेकिन अटकलों का बाजार गर्म है। शनिवार देर रात राजद कोटे से सत्यानंद भोक्ता के मंत्री पद पर शपथ लेने की भी चर्चा जोरों पर रही। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी। सरकार में राजद कोटे से एक मंत्री का होना लगभग तय माना जा रहा है।
-
07:44 AM
शपथ ग्रहण समारोह में जुटेंगी उद्योग जगत की नामी हस्तियां
रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में नोवेल, ज्वाइंट एमडी जेएसडब्ल्यू, टी वी नरेंद्रन एमडी टाटा स्टील, नवीन जिंदल सीएमडी जेएसपीएल, पुनीत डालमिया एमडी डालमिया ग्रुप, हरमीत सेठी ईडी डालमिया ग्रुप, सिद्धार्थ रूंगटा एमडी रूंगटा माइंस, पंकज मलिहान और राहुल शर्मा एमडी इलेक्ट्रोस्टील, प्रदीप मित्तल वाइस चेयरमैन एस्सार, श्री प्रमोद उंडे और बृजेश झा प्रसिडेंट बिरला ग्रुप, राजीव झावर एमडी उषा मार्टिन, उमापति रेड्डी एमडी बीजीआर ग्रुप, सुनील नाहटा एमडी टोरिएंट, पंकज पटेल एमडी जयड्स ग्रुप, श्री आनंद एमडी आनंद इनकॉरपोरेशन, संजय अग्रवाल एमडी हिन्द एनर्जी, रूप मदान, बेला मदान, अमित कुमार और राजेश एमडी मैरियट ग्रुप, अभिषेक साहू सीओ टीपीएस ग्रुप, प्रतीक जिंदल सीओ जेएसपीएल सहित अनेक उद्योगपति एवं उद्योग जगत से जुड़े लोग सम्मिलित होंगे
-
07:38 AM
दूसरी बार मुख्यमंत्री बन रहे हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री बनने पर हेमंत सोरेन का यह दूसरा कार्यकाल होगा। इसके पूर्व भी वे एक बार मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके अलावा बाबूलाल मरांडी, मधु कोड़ा और रघुवर दास भी एक-एक बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। शिबू सोरेन और अर्जुन मुंडा ने तीन-तीन बार सत्ता की बागडोर संभाली है। अब हेमंत सोरेन दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शपथ लेने के ठीक बाद वे मंत्रिमंडल की बैठक लेंगे, जिसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल मंत्रिमंडल में झामुमो के प्रतिनिधित्व को लेकर ही सस्पेंस है। कहा जा रहा है कि झामुमो से भी एक विधायक को मंत्री बनाए जाने की तैयारी है, लेकिन शनिवार देर रात तक नाम पर फैसला नहीं हो सका था। झारखंड विकास मोर्चा के तीन विधायकों और अन्य निर्दलीय विधायकों का समर्थन इस सरकार को अलग से है।
-
07:29 AM
कांग्रेस से दो मंत्री लेंगे शपथ, रामेश्वर-आलमगीर पर भरोसा
फिलहाल मंत्रिमंडल में झामुमो के प्रतिनिधित्व को लेकर ही सस्पेंस है। कहा जा रहा है कि झामुमो से भी एक विधायक को मंत्री बनाए जाने की तैयारी है, लेकिन शनिवार देर रात तक नाम पर फैसला नहीं हो सका था।
मंत्री : डॉ. रामेश्वर उरांव
शिक्षा : एमए, पीएचडी
जन्मतिथि : 14 फरवरी 1947 (72 वर्ष)
अनुभव : आइपीएस अधिकारी रहे रामेश्वर उरांव ने 2004 में पुलिस सेवा से त्यागपत्र देकर राजनीति का अपनाया और लगातार 10 वर्षों तक लोहरदगा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वे अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष और मानवाधिकार आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं।मंत्री : आलमगीर आलम
जन्मतिथि : 1954
शिक्षा : बीएससी
अनुभव : पाकुड़ विधानसभा सीट से चौथी बार विधायक बने हैं। वर्ष 2000, 2004, 2014 और 2019 में विधायक बने। 2009 में वे चुनाव हार चुके थे। आलम इसके पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्तमान में कांग्रेस विधायक दल के नेता भी हैं। -
07:25 AM
हेमंत सोरेन बोले, झारखंड के नव निर्माण का संकल्प दिवस
मुख्यमंत्री नामित हेमंत सोरेन रविवार को दोपहर 2 बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सोरेन ने इसे झारखंड के नव निर्माण का संकल्प दिवस कहा है। उन्होंने राज्य की सवा तीन करोड़ जनता से यह अपील की कि मोरहाबादी आइये और हम सब इसके साक्षी बनें। श्री सोरेन ने देशभर से आ रहे गणमान्य नेताओं के प्रति भी विनम्रता पूर्वक आभार प्रकट किया है।
-
07:09 AM
कैबिनेट की बैठक भी होगी
शपथ ग्रहण समारोह के बाद हेमंत कैबिनेट की पहली बैठक भी होने की तैयारियां पूरी हो चुकी है। संभावना है कि यह बैठक रविवार को ही दिन में चार बजे के करीब हो।
भगवा की जगह हरा रंग
मोरहाबादी मैदान में पूर्व के सरकारी समारोह में दिखने वाला भगवा रंग इस बार नहीं दिखेगा। अब चलन में हरा रंग है और इसी का सबसे ज्यादा इस्तेमाल शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर हुआ है। मैदान की घेराबंदी में सफेद और हरा रंग के कपड़े का उपयोग किया गया है। - 07:02 AM
देश भर से विपक्षी नेताओं का हो रहा जुटान
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, राहुल गांधी, पी चिदंबरम, प्रियंका गांधी, अहमद पटेल, शरद पवार के साथ बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, बसपा अध्यक्ष मायावती, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन, पूर्व राज्यसभा सदस्य शरद यादव, सांसद कनीमोझी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सीपीआइ नेता कन्हैया कुमार, सांसद टीआर बालू आदि शामिल होंगे। इसके अलावा शिवानंद तिवारी, बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी, तारिक अनवर, बंगाल सरकार के मंत्री मलय घटक सहित कई वीआइपी मौजूद रहेंगे। अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में डीजीपी कमल नयन चौबे ने बताया कि वीआइपी नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की श्रेणियां अलग-अलग हैं। इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
Hemant Soren to take oath as 11th Chief Minister of Jharkhand today
Read @ANI Story | https://www.aninews.in/news/national/politics/hemant-soren-to-take-oath-as-11th-cm-of-jharkhand-today20191229033633/ …
17 लोग इस बारे में बात कर रहे हैं










