पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया डेरा बाबा मुराद शाह
जालंधर : पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ कई सामाजिक संस्थाएं भी आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में डेरा बाबा मुराद शाह ने भी बड़ी पहल करते हुए अलग-अलग जिलों में राहत सामग्री भेजनी शुरू की है।
डेरा प्रबंधन का कहना है कि राहत कार्य शुरू करने से पहले वे संबंधित जिला प्रशासन से संपर्क करते हैं और यह जानकारी लेते हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किस चीज की सबसे ज्यादा आवश्यकता है। इसके बाद प्रशासन की मांग के अनुसार राशन और जरूरी सामान प्रभावित इलाकों तक पहुंचाया जाता है।
इस राहत अभियान का नेतृत्व पंजाब के लोकप्रिय गायक गुरदास मान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में डेरा लगातार बाढ़ पीड़ित परिवारों तक आवश्यक मदद पहुंचा रहा है। उल्लेखनीय है कि गुरदास मान इससे पहले भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा कर चुके हैं।






