कानपुर: हैलट अस्पताल में भर्ती कोरोना संदिग्ध महिला-पुरुष की मौत

कानपुर: जिले में सोमवार को हैलट हॉस्पिटल के आईसीयू में एडमिट एक महिला और युवक की मौत हो गई। एक साथ दो कोरोना संदिग्धों की मौत से हड़कंप मच गया है। हालाँकि दोनों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। महिला का सैंपल जांच के लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि युवक की रिपोर्ट लखनऊ से आनी है। बता दें इससे पहले भी पांच संदिग्धों की मौत हुई थी, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई।
मृतक महिला को बुखार एवं सांस लेने में थी तकलीफ
मृतक महिला किदवई नगर निवासी है और उसे बुखार एवं सांस लेने में तकलीफ होने के बाद परिजन मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां डॉक्टरों ने कोरोना संदिग्ध मानते हुए हैलट के कोविड-19 अस्पताल रेफर कर दिया। महिला जो कोविड-19 आइसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया, जहां सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई। रेस्पेरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि महिला गंभीर स्थिति में आई थी। उन्हें बुखार के साथ चेस्ट में गंभीर इंफेक्शन था।
40 वर्षीय युवक की मौत, कोविड-19 आइसीयू में था भर्ती
उधर कर्नलगंज के तिकुनिया पार्क निवासी 40 वर्षीय युवक को शुक्रवार को न्यूरो साइंस सेंटर के कोविड-19 आइसीयू में भर्ती कराया गया था। युवक ने इलाज के दौरान सोमवार शाम चार बजे दम तोड़ दिया। हैलट के प्रमुख अधीक्षक प्रो. आरके मौर्या ने बताया कि युवक जमात के सदस्यों के संपर्क में आया था। अभी तक उसकी जांच रिपोर्ट लखनऊ से नहीं आई है।





