CSK के लिए IPL की एक पारी में Dhoni या रैना ने नहीं बल्कि मुरली विजय ने जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के

नई दिल्ली। मुरली विजय इन दिनों आइपीएल की टीम चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा था कि इस टीम के साथ कई महान खिलाड़ियों का नाम जुड़ा है इस वजह से ये टीम इस लीग में विशेष स्थान रखता है। वैसे भी Dhoni की कप्तानी में तीन बार आइपीएल खिताब जीत चुकी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ कई शानदार खिलाड़ी जुड़े हुए थे और मौजूदा वक्त में भी टीम में एक से बढ़कर एक अनुभवी व बेहतरीन खिलाड़ी शामिल हैं। बेशक इस टीम में कई शानदार बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन इस टीम की तरफ से आइपीएल की किसी एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का शानदार रिकॉर्ड मुरली विजय के नाम पर है।
मुरली ने खेली थी 127 रन की पारी और लगाए थे 11 छक्के
मुरली विजय ने साल 2010 आइपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए अपनी टीम चेन्नई के लिए 56 गेंदों पर 127 रन की तेज पारी खेली थी। इस पारी में उन्होंने कुल 11 छक्के जड़े थे। ये आइपीएल की उनकी सबसे बेस्ट पारी भी है। विजय की इस पारी की उस सीजन में खूब चर्चा हुई थी और वो अपने घरेलू दर्शकों की नजर में हीरो बन गए थे। वैसे आइपीएल में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ओवरऑल मुरली विजय पांचवें स्थान पर हैं। वहीं अपनी टीम यानी चेन्नई की तरफ से एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में वो पहले नंबर पर हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से इस लीग की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर माइक हसी का नाम आता है जिन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ खेली अपनी एक पारी में कुल 9 छक्के लगाए थे वहीं ब्रैंडन मैकुलम ने भी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 9 छक्के अपनी पारी में लगाए थे। यहां पर गेंदों के अंतर के कारण माइक हसी दूसरे नंबर पर हैं जबकि मैकुलम तीसरे स्थान पर हैं। वैसे दोनों ने अपनी-अपनी पारियों में नौ-नौ छक्के जड़े थे।
CSK की तरफ से IPL की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
मुरली विजय – 11 विरुद्ध राजस्थान रॉयल्स
माइक हसी – 9 विरुद्ध किंग्स इलेवन पंजाब
ब्रैंडन मैकुलम – 9 विरुद्ध सनराइजर्स हैदराबाद
स्मिथ – 8 विरुद्ध दिल्ली डेयरडेविल्स
अंबाती रायुडू – 8 विरुद्ध रॉयल चैलेंजर बैंगलोर
शेन वॉटसन – 8 विरुद्ध सनराइजर्स हैदराबाद





