देशद्रोही भाषण देने के आरोपित शरजील के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

नई दिल्ली। Sharjeel Imam Sedition Case: जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के रिसर्च स्कॉलर शरजील इमाम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के खिलाफ दिसंबर महीने विरोध प्रदर्शन के दौरान जामिया और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में देशद्रोही भाषण देने और दंगे भड़काने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है।
13 दिसंबर को दिया था भड़काऊ भाषण
शरजील इमाम पर आरोप है कि 13 दिसंबर, 2019 को उसने अपने भाषण में देश को तोड़ने की बात कही थी। इस भड़काऊ भाषण के दो दिन बाद यानी 15 दिसंबर को दिल्ली के जामिया नगर और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में हिंसक प्रदर्शन हुआ था, जिसमें कई बसें जला दी गई थीं और सड़कों पर जमकर तोड़फोड़ की गई थी।
इसके बाद अब पूरी जांच के बाद दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में दंगे भड़काने के मामले में देशद्रोह की धारा के तहत चार्जशीट दाखिल की है। उधर, शरजील इमाम के वकील ने बताया कि यह चार्जशीट पुलिस ने 17 अप्रैल को दाखिल की है। हम इसके खिलाफ कानूनी तरीके से लड़ाई लड़ेंगे।
15 दिसंबर को हुई थी जमकर हिंसा
15 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ जामिया के छात्रों ने जामिया नगर और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में विरोध मार्च निकाला था। इस दौरान जमा भीड़ ने बड़े पैमाने पर दंगे, पथराव और आगजनी की थी। हिंसा के दौरान भीड़ ने कई सार्वजनिक और निजी संपत्तियों में तोड़फोड़ और आग लगा दी थी। जामिया और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में दंगे, आगजनी और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के कई मामले दर्ज किए गए थे। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी घायल हुए थे।
इससे पहले जामिया और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। इसमें दिल्ली पुलिस ने जेएनयू के छात्र शरजील इमाम समेत 17 लोगों के नाम शामिल किए हैं। फरवरी में पेश आरोप पत्र में शरजील पर पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया गया है।






