महामारी के बीच गोवा ने कर दिखाया कमाल, बना देश का पहला ज़ीरो कोरोना स्टेट

विश्व स्तर पर फैल चुकी महामारी कोरोना वायरस ने देश में हाहाकार मचा दिया है। इस भूचाल के बीच एक ऐसी भी खबर आई है जो थोड़ी राहत देती दिखाई दे रही है। दरअसल गोवा सरकार ने कोरोना के खिलाफ जंग को जीत लिया है। जी हां यहां एक भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं है, मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
गोवा देश का पहला राज्य बना गया है, जहां सभी मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस चले गए हैँ। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने इसकी जानकारी दी। सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि गोवा के लिए यह राहत और संतुष्टि भरा समय है, जहां कोरोना वायरस के अंतिम पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर चले गए। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम इसके लिए तारीफ के पात्र हैं। तीन अप्रैल के बाद गोवा में कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है।
बता दें कि राज्य में कोरोना के कुल 7 मामले आए थे, जिनमें से छह पहले ही ठीक हो गए थे। आखिरी मरीज की कोरोना रिपोर्ट रविवार को निगेटिव आ गई जिसके बाद उसे भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बता दें कि गोवा उन राज्यों में से एक था, जिसने लॉकडाउन का पालन तब से किया, जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता कर्फ्यू का आह्वान किया। उससे पहले भी गोवा ने अपने यहां आने वाले यात्रियों की टेस्टिंग और होम क्वारनटीन की प्रक्रिया पर आगे बढ़ काम करना शुरू कर दिया था।
गौरतलब है कि गोवा में कोरोना वायरस की शुरुआत 18 मार्च को हुई थी, दुबई से लौटे एक नेता में सबसे पहले संक्रमण मिला था। प्रदेश सरकार नेे इस केस को गंभीरता से लेेते हुए पूरे प्रदेश में कोरोना अलर्ट जारी कर दिया था। वहीं 19 मार्च को पीएम की जनता कर्फ्यू की घोषणा के बाद कोरोना के संंभावित मरीजों के लिए भी 22 मार्च तक कोविड-19 अस्पतालों को स्थापित कर दिए थे।






