जीवा को बाइक पर घुमा रहे थे एमएस धौनी, पत्नी साक्षी बोलीं- दो बच्चे खेल रहे हैं यहां

नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी गाड़ियों के कितने शौकीन हैं, ये बात हर कोई जानता है। एमएस धौनी ने रांची स्थित अपने फार्म हाउस को घर बनाया हुआ है। यहां उन्होंने अलग से एक गैराज बनाया हुआ है, जिसमें उनकी गाड़ियां रखी हुई हैं। चूंकि, अब कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन है तो एमएस धौनी बाहर नहीं जा सकते हैं। ऐसे में उन्होंने बाइक राइड अपनी बेटी जीवा के साथ की, लेकिन अपने फार्म हाउस के अंदर ही।
एमएस धौनी जब रांची में अपने घर में बेटी जीवा को बैठाकर बाइक चला रहे थे तो पत्नी साक्षी धौनी ने उनका वीडियो बना लिया, जिसे आइपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किया है। इस वीडियो में साक्षी धौनी कह रही हैं कि देखिए कैसे दो बच्चे यहां खेल रहे हैं, जिनमें एक बड़ा बच्चा है और एक छोटा बच्चा है। सीएसके ने इसे ट्विटर पर शेयर किया है।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धौनी आइपीएल का 13वां सीजन खेलने वाले थे, जिसकी तैयारियों के लिए वे चेन्नई चले गए थे। ट्रेनिंग के दौरान आइपीएल को स्थगित कर दिया गया। ऐसे में कोरोना के डर से फ्रेंचाइजी ने अपना टेनिंग सेशन भी रद कर दिया और सभी को घर जाने के लिए बोल दिया था। इसके बाद धौनी रांची स्थित अपने घर आ गए। वहीं, कुछ दिन बाद वे अपने फार्म हाउस में घास काटते नज़र आए।








