LockDown: कोरोना महामारी रोकने के लिए BJP सांसद रविंद्र कुशवाहा की बड़ी पहल आई सामने

बलिया: उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रविंद्र कुशवाहा की कोरोना महामारी रोकने के लिए एक बड़ी पहल सामने आई है। उन्होंने कोरोना संदिग्धों की जानकारी देने पर 11 हजार का इनाम घोषित किया है। इसके साथ में यह भी बताया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
सांसद ने कहा कि हमारे लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोई ऐसा व्यक्ति हो जो तब्लीगी जमात में गया हो या कोई व्यक्ति विदेश जाकर वापस आया हो। अगर आने के बाद उसने प्रशासन को अपनी यात्रा की जानकारी नहीं दी है, ऐसे व्यक्ति के छिपे होने की सूचना देने पर उसे सांसद की तरफ से 11 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मरीजों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। प्रदेश में रविवार को भी 95 केस सामने आए। अब प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 1873 हो गई है जबकि मौत का आंकड़ा बढ़कर 30 हो गया है। राज्य के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय की ओर से देर शाम जारी बुलेटिन में बताया गया कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या रविवार को 1873 हो गई। बुलेटिन में कहा गया कि इनमें से 327 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं जबकि 30 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में अब सक्रिय मामलों की संख्या 1516 है।





