बस्तर में बढ़ रहा नशे का कारोबार, एक साल में 222 आरोपी गिरफ्तार

बस्तर: छत्तीसगढ़ नशे के सौदागरों के निशाने पर शुरू से रहा है. ओडिशा से सटे होने के कारण बस्तर संभाग में मादक पदार्थों की तस्करी में हर साल इजाफा देखा जाता है. बस्तर पुलिस लगातार कार्रवाई कर ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करती रहती है. इस क्रम में मंगलवार को बस्तर की बोधघाट पुलिस ने एक कपड़ा व्यापारी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 15 किलोग्राम डोडा चूरा और 323 ग्राम अफीम बरामद की गई. जब्त किए गए नशीले पदार्थ की कीमत 3 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.
आरोपी को भेजा गया जेल
आरोपी कपड़े के बिजनेस की आड़ में नशीले पदार्थ की तस्करी करता था. आरोपी मनीष चांडक को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(बी) और 18(सी) के तहत केस दर्ज किया है. उसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया. अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा है.
बस्तर में फैल रहा ड्रग्स का नेटवर्क
बस्तर में नशे के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. साल 2025 में बस्तर पुलिस ने नशे में लिप्त कुल 222 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक साल में बस्तर पुलिस ने 2,768 किलोग्राम गांजा, 20 लीटर गांजा तेल, 45 नग गांजा पौधे, एक किलोग्राम से अधिक डोडा और आधा किलोग्राम चरस जब्त की है. साल 2025 में बस्तर पुलिस ने कुल 16 करोड़ 70 लाख 11 हजार 500 रुपए मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किया है.
बस्तर जिले में पुलिस ने एक साल के अंदर एनडीपीएस के कुल 86 प्रकरणों को दर्ज किया है. इसमें कुल 130 आरोपियों को जेल भेजा गया है. इनके पास से कुल 3 करोड़ 48 लाख रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं- महेश्वर नाग, एएसपी, बस्तर पुलिस
बस्तर पुलिस ने ऐलान किया है कि आने वाले समय में नशे के खिलाफ लगातार एक्शन जारी रहेगा. साल 2026 में भी बस्तर पुलिस सख्ती के साथ कार्रवाई करती रहेगी.






