झारखंड में भी शराब बेचने की तैयारी, ग्रीन व ऑरेंज जोन में खोले जा सकते हैं दुकान

रांची। कोरोना संकट में चल रहे लॉकडाउन के बीच अब झारखंड में भी शराब बेचने की तैयारी चल रही है। शराब की बिक्री किस तरह की जाएगी, इसपर मंथन जारी है। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए शराब की बिक्री करने पर विचार किया जा रहा है। वहीं दूसरे राज्यों के मॉडलों का भी अध्ययन किया जा रहा है, ताकि बिना किसी परेशानी के सरकार का राजस्व भी बढ़े और लोगों की परेशानी भी कम हो। ऑनलाइन बिक्री के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है।
माना जा रहा है कि दो दिनों के भीतर इसपर ठोस निर्णय लिया जा सकता है। सरकार इस बिंदु पर भी विचार कर रही है कि जिस तरह दिल्ली व अन्य राज्यों में शराब की बिक्री शुरू होते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी, उस तरह के हालात यहां न पैदा हों। भीड़ बढऩे से जहां शारीरिक दूरी का पालन कराना मुश्किल होगा, वहीं इससे कोरोना संक्रमण का खतरा बढऩे से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।
ऐसे में झारखंड सरकार ऑनलाइन शराब की बिक्री पर विचार कर रही है, ताकि शारीरिक दूरी का भी पालन हो और लोगों को आसानी से शराब भी मिल जाए। इतना ही नहीं, ग्रीन व ऑरेंज जोन की दुकानों को खोलने के लिए केंद्र से जो गाइडलाइन जारी किए गए हैैं, उसी के अनुरूप राज्य में अन्य दुकानों को खोलने पर भी विचार किया जा रहा है।






