ब्रेकिंग
Police Action Chhindwara: सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, 43 हजार रुपये बरामद Malva Nritya Mahotsav 2026: सेमी-क्लासिकल डांस में चमकी सौम्या, मिला प्रतिष्ठित 'मालवा नृत्य महोत्सव... STF Action in Bhopal: बौद्ध धर्म प्रचार के नाम पर फर्जी पासपोर्ट बनवाने का मामला, 70 संदिग्ध चिन्हित Municipal Corporation Sagar: एमआईसी के प्रस्तावों को लंबित रखने का आरोप, आयुक्त के कार्यप्रणाली के ख... Ramleela Chhindwara 2026: छोटी बाजार में सजी भगवान राम की लीला, कोरोना काल में भी नहीं रुका था मंचन ... Congress Protest Bhopal: चुनाव आयोग के बाहर कांग्रेस नेताओं का हंगामा, पूरे प्रदेश में आंदोलन का ऐला... Madhya Pradesh Politics: पटवारी बोले- 'जब प्रदेश के पटवारी ही सरकार की नहीं सुनते, तो सरकार खटारा है... Delhi Building Accident: नई बनी इमारत ढहने से हड़कंप, राहत और बचाव कार्य जारी, घायलों को अस्पताल में... Coal India PME Update: कोलकर्मियों की हर साल होगी स्वास्थ्य जांच? प्रस्तावित नई व्यवस्था के खिलाफ मु... Muslim Personal Law: नाबालिग बेटी की कस्टडी मामले में हाईकोर्ट का निर्देश, बच्चे का कल्याण सबसे सर्व...
झारखण्ड

अचानक क्यों बदला झारखंड का मौसम? आज इन जिलों में होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

रांचीः झारखंड में मई की तपती गर्मी के बीच मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ है. राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, बादल छाने और तेज हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. आज यानी 13 मई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चल सकती है.

इस वजह से झारखंड में बदला है मौसम

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक वर्तमान में एक ट्रफ दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से मणिपुर तक फैली हुई है, जो पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है. यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर तक सक्रिय है. इसी वजह से वातावरण में नमी बढ़ रही है और झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन रही है.

आने वाले दिनों में मौसम रहेगा सक्रिय

15 और 16 मई को मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है. इस दौरान राज्य के मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है. रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम केंद्र के मुताबिक 17 मई तक झारखंड के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम का प्रभाव बना रहेगा. पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है.

रांची और जमशेदपुर के तापमान का हाल

झारखंड में लगातार बदल रहे मौसम का असर अब तापमान पर साफ दिखने लगा है. राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे दर्ज हुआ. पिछले 24 घंटे में रांची में 9 मिमी बारिश भी हुई. जमशेदपुर में भी मौसम का असर साफ दिखा. यहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 2.6 डिग्री नीचे है.

डाल्टनगंज का अधिकतम पारा 41 डिग्री के पार

हालांकि पलामू प्रमंडल के डाल्टनगंज में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है. यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा. राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान भी डाल्टनगंज में ही रिकॉर्ड हुआ.

13 और 14 मई को कैसा रहेगा मौसम

मौसम केंद्र के मुताबिक 13 और 14 मई को राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में इसका अधिक असर देखने को मिल सकता है. रांची, बोकारो, धनबाद, खूंटी, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

बोकारो और चाईबासा का पारा

बोकारो के तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली. यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री नीचे चला गया और 32.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है. चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री नीचे रहा.

बता दें कि मौसम में तेज हवा के साथ ओलावृष्टि, वज्रपात और बारिश की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. 12 मई को तेज हवा चलने की वजह से रांची में कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ और डालियां गिर गईं. इस दौरान कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं. पिछले दिनों वज्रपात की वजह से चतरा में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी.वहीं रामगढ़ में दो दर्जन से ज्यादा मवेशियों की मौत हो चुकी है.

Related Articles

Back to top button