Kheda Murder Case: चरित्र पर शक में हैवान बना पति, गूगल पर सजा सर्च कर गर्भवती पत्नी को दी खौफनाक मौत

खेड़ा: गुजरात के खेड़ा जिले के महुधा तालुका से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र पर संदेह के चलते एक शख्स ने अपने ही परिवार के साथ मिलकर अपनी 13 सप्ताह की गर्भवती पत्नी अरुणाबेन सोढ़ा की निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने मृतका के हाथ-पैर बांधे, जबरन उसके मुंह में नैनो यूरिया डाल दिया और फिर इसे आत्महत्या साबित करने के लिए शव को खिड़की से लटका दिया। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट में कत्ल का खुलासा होने के बाद पुलिस ने पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
गूगल पर सजा सर्च कर बनाया हत्या का प्लान
पुलिस की जांच में 17 अक्टूबर की रात की खौफनाक सच्चाई सामने आई है। 13 सप्ताह की गर्भवती अरुणाबेन को पेट में तेज दर्द हो रहा था। वह अपने पति मितुल से इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाने की मिन्नतें करती रही, लेकिन वह मोबाइल में मग्न रहा। दर्द से तड़पते हुए जब अरुणाबेन ने कहा कि ‘मैं खुद मर जाऊंगी’, तो पति ने तुरंत गूगल पर सर्च किया कि पत्नी के आत्महत्या करने पर पति को क्या कानूनी सजा मिल सकती है। इसके बाद पति और ससुराल वालों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
जबरन मुंह में डाला यूरिया, दम घुटने से गई जान
इस खौफनाक हत्याकांड में पूरा ससुराल शामिल था। सास और ननद ने अरुणाबेन को कसकर पकड़ लिया और उसकी चीखें दबाने के लिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद पति मितुल ने घर में रखा नैनो यूरिया का जहरीला रसायन उसके गले में उतार दिया। यूरिया से अमोनिया गैस बनी, जिससे दम घुटने के कारण अरुणाबेन और उसके गर्भ में पल रहे अजन्मे बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। अपराध को छिपाने के लिए आरोपियों ने नायलॉन की रस्सी का इस्तेमाल कर शव को खिड़की से लटका दिया।
पोस्टमार्टम ने खोली पोल, पति और जेठ गिरफ्तार
17 अक्टूबर को जब आत्महत्या की खबर मिली, तो मायके वालों ने तुरंत हत्या का शक जताया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी इस शक को यकीन में बदल दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि गले पर फांसी के निशान मौत के बाद बनाए गए थे और शरीर में यूरिया का जहर मौजूद था। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर महुधा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति मितुल सोढ़ा और उसके भाई (जेठ) विपुल सोढ़ा को गिरफ्तार कर लिया है। फरार सास और ननद की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।





