Chhatarpur News: छतरपुर में नकली खाद सिंडिकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने 650 बोरियां कीं जब्त

छतरपुर: बुंदेलखंड के छतरपुर जिले में खाद की भारी किल्लत और कालाबाजारी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसान एक बोरी खाद के लिए दिन-भर लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। इस मजबूरी का फायदा उठाकर खाद माफिया भी सक्रिय हो गए हैं और किसानों को नकली खाद बेचकर उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी कर रहे हैं। हालांकि, अब छतरपुर पुलिस ने इन माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
नकली खाद बेचने वाले सिंडिकेट पर पुलिस की कार्रवाई
जिला प्रशासन किसानों के साथ जालसाजी करने वाले इन माफियाओं के खिलाफ पूरी सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में पुलिस नकली खाद बेचने वाले पूरे सिंडिकेट को नेस्तनाबूद करने में जुटी है। छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के सख्त निर्देशों पर मातगुवां थाना पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने नारायणपुरा रोड स्थित अमर गार्डन में छापा मारकर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
वाहन चालक से पूछताछ में खुला गोदाम का राज
मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने एक वाहन (UP 95 AT 6686) को रोका, जिसमें लगभग 80 बोरी अवैध खाद छतरपुर से बड़ा मलहरा ले जाई जा रही थी। वाहन चालक ओमप्रकाश रैकवार से जब खाद के वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। थाने ले जाकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अमर गार्डन में किराए के कमरे में बने मुख्य गोदाम का पूरा सच उगल दिया।
अमर गार्डन में छापे के दौरान 650 बोरी खाद जब्त
चालक के खुलासे के तुरंत बाद कृषि विभाग के उपसंचालक अनिल कुमार मिश्रा को मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीम ने जब अमर गार्डन में दबिश दी, तो वहां दो कमरों और खुले मैदान में छिपाकर रखी गई खाद की भारी खेप मिली। अधिकारियों के प्राथमिक आकलन के अनुसार, मौके से लगभग 650 बोरी अवैध और नकली खाद बरामद की गई है। इस बड़ी कार्रवाई से जिले के उर्वरक माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
आरोपियों पर केस दर्ज, जिले में ताबड़तोड़ एक्शन
थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन चालक ओमप्रकाश रैकवार और अनुराग शर्मा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कृषि उपसंचालक अनिल कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद अब तक जिले में लगभग 1,000 बोरी अवैध खाद पकड़ी जा चुकी है। इस मामले में मातगुवां में 2, गौरिहार में 1, महराजपुर में 3 और ईशानगर थाने में 1 एफआईआर दर्ज की गई है।





