बलरामपुर-रामानुजगंज में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, बंगाली मूर्तिकार बना रहे भगवान सूर्य की आकर्षक प्रतिमाएं

बलरामपुर-रामानुजगंज: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लोक आस्था के महान पर्व ‘छठ’ की तैयारियां अब अपने पूरे चरम पर हैं। पर्व को नजदीक आते देख रामानुजगंज के समीप स्थित केरवाशीला गांव में बंगाली मूर्तिकार पूरी तन्मयता के साथ भगवान सूर्य नारायण की मनमोहक और सुंदर प्रतिमाएं तैयार करने में जुटे हुए हैं। स्थानीय स्तर पर मिले विभिन्न ऑर्डर्स और मांग के अनुसार पारंपरिक कारीगर इन दिनों दिन-रात मूर्त को अंतिम रूप देने के काम में पूरी निष्ठा से लगे हुए हैं।
पिछले चार दशकों से मूर्तिकला में जुटे हैं कारीगर, सूर्य देव के रथ और सात घोड़ों वाली प्रतिमाओं की कीमत आठ से नौ हजार रुपये तक
महिला मूर्तिकार रंजीता सरकार ने मीडिया से बातचीत में साझा किया कि वे पिछले करीब 40 वर्षों से इस कला से जुड़ी हुई हैं और छठ पूजा के पावन अवसर पर विशेष रूप से भगवान सूर्य नारायण की मूर्तियों का निर्माण करती हैं। इस वर्ष उनके द्वारा सूर्य भगवान की कुल पांच विशेष प्रतिमाएं गढ़ी जा रही हैं। इन मूर्तियों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनमें भगवान सूर्य देव के साथ उनका दिव्य रथ और उनके सातों घोड़े भी बेहद कलात्मक ढंग से उकेरे गए हैं। इन सभी कलाकृतियों की कीमत उनके आकार और मेहनत के आधार पर करीब आठ से नौ हजार रुपये तक तय की गई है।
बाहर से मंगानी पड़ती है कलकत्ता की पवित्र गंगा मिट्टी, लागत और कड़ी मेहनत के मुकाबले मुनाफा बेहद कम— मूर्तिकारों का दर्द
केरवाशीला गांव के ही एक अन्य मूर्तिकार दीपांकर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि छठ महापर्व की तैयारियों में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ती है। मूर्तियां बनाने के इस पूरे काम में आने वाले खर्च और कच्चे माल को देखते हुए मुनाफा बेहद कम मिल पाता है। उन्होंने बताया कि इन मूर्तियों को बनाने के लिए सुतली, कांटी (कील), पुआल और विशेष रूप से बाहर यानी कलकत्ता से गंगा की पवित्र मिट्टी मंगानी पड़ती है। इसके अलावा पेंट, रंग-रोगन और कपड़ों के इस्तेमाल में भी भारी खर्च आता है, लेकिन उस अनुपात में उन्हें बाजार में उचित फायदा नहीं मिल पाता है।
छठ घाटों पर स्थापित की जाएंगी भगवान सूर्य देव की ये प्रतिमाएं, विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद उमड़ेंगे बड़ी संख्या में श्रद्धालु
स्थानीय परंपरा के अनुसार रामानुजगंज नगर सहित आसपास के तमाम ग्रामीण अंचलों में भी विभिन्न छठ घाटों पर भगवान सूर्य देव की इन सुंदर प्रतिमाओं को स्थापित करने की पुरानी परंपरा है। महापर्व के दौरान इन स्थानों पर विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती का आयोजन किया जाता है। अपने आराध्य और इष्ट देव के दर्शन तथा पूजन के लिए इन घाटों पर श्रद्धालुओं काारसैला उमड़ पड़ता है। प्रतिमाओं की स्थापना से पूरे क्षेत्र में अभी से भक्तिमय और उत्सव का पावन माहौल बन गया है।





