LAC पर हिंसक झड़प: गलवान घाटी के दावे को लेकर भारत ने चीन को दी नसीहत

भारत ने पूर्वी लद्दाख में गलवान घाटी पर चीन के संप्रभुता के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसे बढ़ा चढ़ा कर किये गये निराधार दावे दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच बनी सहमति के खिलाफ हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने चीन द्वारा गलवां घाटी पर अपनी संप्रभुता का दावा किये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बुधवार को दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच टेलीफोन पर लद्दाख की स्थिति के बारे में चर्चा हुई है। इसमें दोनों पक्षों में सहमति बनी है कि समूची स्थिति को बहुत जिम्मेदारी से संभाला जाना चाहिए और छह जून को वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की बैठक में बनी समझ को पूरी ईमानदारी से क्रियान्वित किया जाना चाहिए।
प्रवक्ता ने कहा कि इसके बावजूद बढ़ा चढ़ा कर निराधार दावे करना इस सहमति के खिलाफ है। सूत्रों के अनुसार विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से टेलीफोन पर बातचीत की और दो टूक शब्दों में कहा कि पूर्वी लद्दाख में गलवां घाटी में चीनी पक्ष ने वास्तविक नियंत्रण रेखा पार करके भारतीय क्षेत्र में सोची-समझी एवं पूर्वनियोजित हिंसक कारर्वाई की जो सीधे तौर पर हिंसा एवं मौतों के लिए जिम्मेदार हैं।
वहीं चीनी विदेश मंत्री ने इस घटना पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि भारतीय पक्ष ने वास्तविक नियंत्रण रेखा पार करके चीनी पक्ष पर हमला किया। उन्होंने मांग की कि भारत इस घटना की बारीकी से जांच कराये और दोषी सैन्य अधिकारियों को कठोर दंड दे। उन्होंने कहा कि भारतीय पक्ष को चीनी पक्ष की ताकत को कम करके नहीं आंकना चाहिए।





