पीड़ित महिलाओं की आवाज सुनने की बजाय उन्हीं पर आरोप लगाना सबसे शर्मनाक और बुज़दिल हरकत: प्रियंका

यूपी: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही महिला उत्पीडऩ की घटनाओं पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं। पीड़ित महिलाओं की आवाज सुनने की बजाए उन्हीं को बदनाम किया जा रहा है जो सबसे शर्मनाक और बुज़दिल हरकत है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘‘महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं। इस बीच, पीड़ित महिलाओं की सच्चाई और उनकी आवाज को सुनने की बजाए उन्हीं को बदनाम कराना, उन्हीं पर आरोप लगाना सबसे शर्मनाक और बुज़दिल हरकत है। लेकिन देश की महिलाएँ अब चुप नहीं रहेंगी।’’
अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘‘..एक बहन को दोषी ठहराया तो लाखों बहनें अपनी आवाज बुलंद करेंगी और उनके साथ खड़ी होंगी। हम अपना ज़िम्मा खुद ले रहे हैं। अब महिलाओं को ही महिला सुरक्षा का जिम्मा उठाना होगा।’’

गौरतलब है कि बीते दिनों उत्तर प्रदेश के हाथरस, बलरामपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिलाओं और बच्चियों के साथ हैवानियत की खबरें देखने को मिलीं। प्रदेश में लगातार बढ़ रही वारदातों के खिलाफ योगी सरकार विपक्ष और लोगों के निशाने पर है।





