आर के सिंह ने कहा- अगर महागठबंधन जीता तो यह बिहार का दुर्भाग्य होगा

पटना। बिहार के आरा से भाजपा सांसद राजकुमार सिंह (आरके सिंह) ने दूसरे चरण की वोटिंग से पहले महागठबंधन की राजनीति पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि यह बिहार की राजनीति का दुर्भाग्य का होगा अगर महागठबंधन की जीत होती है तब। तेजस्वी यादव के लिए कहा कि उनके लक्षण भी लालू प्रसाद जैसे हैं। तेजस्वी भी क्रिमिनलों को साथ लेकर चल रहे हैं। इसके बाद पूरे राज्य में वह उन्हें घूमने छोड़ देंगे। बिहार में दूसरे चरण का मतदान तीन नवंबर को है। दूसरे चरण के लिए कुल 94 सीटों पर वोटिंग होगी। इसके लिए रविवार की शाम पांच बजे तक प्रचार खत्म हो जाएगा।
पीएम की सभा में भी तेजस्वी रहे निशाने पर
बता दें कि पीएम ने भी आज अपनी छपरा की जनसभा से महागठबंधन की सीएम प्रत्याशी तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने लालू और राबड़ी के जंगलराज की याद दिलाते हुए सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की सरकार को बिहार के विकास के लिए जरूरी बताया। इधर उन्होंने दो युवराज कह कर तेजस्वी और राहुल गांधी पर राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि यह सिर्फ परिवार की राजनीति करना जानते हैं। वहीं भाजपा सिर्फ जनता को समर्पित राजनीति करती है। उन्होंने डबल-डबल युवराज की राजनीति पर कहा अब इनके हारने की बारी आ गई है। जो हाल उत्तर प्रदेश में डबल युवराज का हुआ, अब यही हाल बिहार में होने जा रहा है। बता दें कि बिहार में पीएम मोदी की रविवार को चार चुनावी रैली थी।
पीएम का लकड़सुंघवा बन गया चर्चा का विषय
पीएम ने आज अपनी चुनावी रैली के मंच से एक ऐसे शब्द को दुहराया है जिसको लेकर एक बार फिर पुरानी बातें जेहन में उतर आई हैं। पीएम ने अपनी बातों में लड़कसुंघवा शब्द का इस्तेमाल किया। आम तौर पर बिहार और यूपी में आम बोलचाल में पहले के जमाने में बोला जाने वाला शब्द था जिससे बच्चों को डराया जाता था जिसमें यह कहा जाता था कि बच्चों को अगवा करने वाला घूम रहा है। उन्हें यह कह कर घर में रहने के लिए कहा जाता था कि लकड़सुंघवा उन्हें कुछ सुंघा कर अपहरण कर ले जाएगा। इससे बच्चे डर जाते थे और बाहर निकलने से परहेज करते थे। बता दें कि एक समय में बिहार और यूपी में अपहरण का कारोबार बहुत तेजी से उभरा था जिसमें कई बड़े नाम भी सामने आए थे। हालांकि अब इस शब्द का इस्तेमाल नहीं के बराबर होता है।






