वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले आरोन फिंच चोटिल, वेड ने कप्तानी में दिखआई दिलचस्पी
ग्रास आइलेट। वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी मैथ्यू वेड कर सकते हैं। नियमित कप्तान आरोन फिंच को पांचवें और अंतिम टी 20 के दौरान मैदान में घुटने में चोट लग गई थी। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान की चोट ने मेहमान टीम को मैच में प्रभावित किया। फिंच की अगुवाई वाली टीम 17 रनों से हार गई। वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में 199 रन बनाए और फिर ऑस्ट्रेलिया को 183 रनों पर रोक दिया।
फिंच बल्लेबाजी करते वक्त काफी संघर्ष करते दिखाई दे रहे थे और वे लक्ष्य को पीछा करते हुए ठीक से दौड़ नहीं पा रहे थे। ऐसे में अगर वो वनडे सीरीज से बाहर हो जाते हैं तो वेड को कप्तानी मिल सकती है। ऐसे में विकेटरकीपर बल्लेबाज को लगता है कि उन्हें मौका मिल सकता है और वह अपना मन बनाने से पहले देखना चाहते हैं कि क्या होता है। उन्होंने कहा, ‘वनडे सीरीज को लेकर मुझे नहीं पता कि क्या होगा। मैं खेलने की उम्मीद नहीं कर रहा हूं। खासकर अगर फिंच खेलते हैं तब, लेकिन अगर वह नहीं खेलते है तो मुझे खेलने का मौका मिल सकता है।’
वेड ने आगे कहा, ‘मैं यहां यह सोचकर आया था कि मैं टी20 खेलूंगा और वनडे नहीं खेलूंगा। मुझे लगता है कि कुछ युवा खिलाड़ियों को उनके साथ खेलने का मौका मिलेगा, जो काफी उचित है। मुझे अब काफी समय हो गया है। लेकिन अगर फिंच नहीं खेलते हैं, तो खेलने का मौका मिल सकता है। इसलिए हम इंतजार करेंगे और देखेंगे।’
ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज ने पिछली गर्मियों में एक टी 20 मैच में टीम की कप्तानी की थी, जब फिंच खेल से चूक गए थे। हालांकि, उन्होंने लगभग चार वर्षों में एकदिवसीय मैच नहीं खेला है। वेड ने कहा, ‘जब भी मुझे मौका मिलता है, मैं कप्तानी करना पसंद करता हूं। मैंने टी20 भारत के खिलाफ पिछली गर्मियों में कप्तानी की। हमारे टीम में कई लीडर हैं। टीम में मोइजेज हेनिरिक्स, वास्तव में एक अच्छे लीडर हैं, एडम जम्पा और बेहतर होते जा रहे हैं। मिशेल स्टार्क और जोश हेज़लवुड भी हैं। इस स्तर पर अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कप्तानी करना बहुत आसान है, इसलिए अगर मुझे मौका मिला तो मैं इसे लपकूंगा।’





