जांजगीर-चाम्पा सांसद बोले- अगर कोई मामला सामने आया, तो करेंगे विरोध

रायपुर/बिलासपुर: रायपुर में अवैध बाल गृह में बच्चों को लाकर मतांतरण कराए जाने के खेल का पर्दाफाश होने के बाद छत्तीसगढ़ सहित देशभर में यह मुद्दा गर्मा गया है। हालांकि, जांजगीर-चाम्पा से सांसद गुहराम अजगले का कहना है कि उनके लोकसभा क्षेत्र में अभी तक ऐसा मामला सामने नहीं आया है। जांजगीर-चाम्पा लोकसभा क्षेत्र में मतांतरण जैसी समस्या देखने या सुनने को नही मिली है। अजगले का कहना है कि अगर ऐसा हो रहा है तो क्षेत्रवासियों से भी आग्रह है कि वे इसकी जानकारी दें। इस तरह की जानकारी आएगी, तो इसका विरोध किया जाएगा जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को सदन में भी उठाने से परहेज नहीं किया जाएगा।
अगजले ने आगे कहा कि किसी को रुपये पैसे व बीमारी ठीक करने का प्रलोभन देकर मतांतरण कराना गलत है। इस तरह की गलत गतिविधियों का हमेशा विरोध किया जाएगा। किसी को कोई धर्म विशेष को मानने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। हर व्यक्ति को अपने मत के आधार पर पूजा पाठ धर्म कर्म की स्वतंत्रता है। अगर कोई इस पर दखलंदाजी करता है, तो यह गलत है। हमारा देश एक धर्म निरपेक्ष राष्ट्र है।
उधर, मतांतरण के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आक्रामक हो गई है। पार्टी का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार का मतांतरण के मुद्दे पर मौन बनी हुई है, जिससे समुदायों के बीच टकराव की स्थिति बन रही है। सेवा की आड़ में ईसाई मिशनरी आदिवासी, गरीब लोगों का धर्म परिवर्तन करवाने के काम कर रही है।






