देश
2,500 रुपये में खरीदे धान को 1,400 रुपये में बेचेगी छत्तीसगढ़ सरकार

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सोसाइटी के माध्यम से किसानों से धान खरीदा गया था। इस धान को प्रदेश सरकार ने खुले बाजार में बेचने के लिए दाम तय कर दिया है। 2,500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदे धान को राज्य सरकार 1,400 रुपये क्विंटल की दर से बेचेगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडलीय उपसमिति की वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें 2,50 रुपयेे प्रति क्विंटल खरीदे गए धान को राज्य सरकार 1,400 रुपये क्विंटल की दर से बेचेगी, यह निर्णय लिया गया।
बैठक में राज्य सरकार की ओर से अतिशेष धान के लाट की नीलामी में प्राप्त अधिकतम दर के अनुमोदन के लिए धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की नीति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान मंत्री अमरजीत भगत ने बताया कि इस दौरान 74 हजार 85 क्विंटल मोटे धान और 12 हजार 989 क्विंटल पतले धान की नीलामी में प्राप्त दरों पर चर्चा कर उसका अनुमोदन किया गया है।
शेष 47 हजार 994 टन मोटे धान के लिए 1,350 रुपये या इससे अधिक की दरों का अनुमोदन किया गया है और नौ हजार 445 क्विंटल पतले धान के लिए 1,400 रुपये या इससे अधिक की दरों का अनुमोदन किया गया है। इसके साथ ही 11 हजार 789 क्विंटल पतले धान के लिए 1,350 रुपये और इससे अधिक दर का भी अनुमोदन किया गया। मंत्रिमंडलीय उपसमिति की वर्चुअल बैठक में मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री मोहम्मद अकबर, मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह टेकाम, मंत्री उमेश पटेल आदि शामिल हुए।





