शराब के साथ युवक गिरफ्तार

बेमेतरा। स्थानीय पुलिस जुआ-सट्टा, गांजा और शराब तस्करी, चोरी व अन्य अपराधों पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों को अपने इलाकों में अपराध पर नियंत्रण के लिए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में कंडरका चौकी पुलिस ने 27 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर भिभौरी निवासी त्रिलोक सिन्हा (21) को शराब बेचते घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से 32 पौवा देशी मशाला शराब कीमत 2,880 रुपये जब्त की गई। आरोपित पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तीन सटोरिया धरे गए
थाना बेमेतरा एवं नवाग़ढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 28 जुलाई को जुआ खेलते तीन लोगों को पकड़ा। आरोपितों से 9,960 रुपये जब्त किए गए हैं। आरोपितों पर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार कोबिया कालेज के पीछे, कोबिया तालाब के पास नवागढ़ ग्राम मुरता निवासी राजेश साहू (32) अपने ठेला में सट्टा खिलाता पकड़ा गया। इसी तरह आरोपित राजेश वर्मा (32) वार्ड नं. 20 कुर्मीपारा बेमेतरा, तिलोक वर्मा (24) वार्ड नं. नौ कोबिया को पकड़ा गया। आरोपितों से नकद 9,960 रुपये व सट्टा-पट्टी जब्त की गई।
सात जुआरी पुलिस ने दबोचे
नवागढ़ पुलिस ने 28 जुलाई को महामाया मंदिर के पीछे नदी के किनारे ग्राम मरका नवागढ़ में जुआ खेलते सात लोगों को पकड़ा। आरोपितों से 7,600 रुपये जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपित कमलेश साहू (30), तिरिथ साहू (42) घठोली, टेकुराम साहू (55), संजय लहरे (35), पुनित साहू (20), आनंद साहू (60), तेजराम साहू (28) मरका पर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।





