ब्रेकिंग
BSF Attari Border News: अटारी सीमा पर रिट्रीट सेरेमनी का नया शेड्यूल जारी; शाम 5:30 बजे शुरू होगी पर... Batala Viral Video: गुरु नानक देव जी के विवाह पर्व में ट्रैक्टर स्टंट पड़ा भारी; तेज रफ्तार में पलटा... Dubai Visa Fraud: 90 हजार में दुबई भेजा, छीना पासपोर्ट और मुर्गीखाने में रखा! जालंधर के पीड़ित ने सु... Amritsar Flooding Alert: तरनतारन रोड के पास नहर टूटने से मचा हड़कंप; मिट्टी की बोरियों से दरार भरने ... Punjab Gold Silver Price Today: पंजाब में उछले सोना-चांदी के दाम; जालंधर में 24 कैरेट सोना ₹1.58 लाख... Ferozepur Central Jail: केंद्रीय जेल फिरोजपुर में फिर चला तलाशी अभियान; 10 और मोबाइल फोन बरामद, कैदि... Etah Fake University Scam: एटा में चायवाले के नाम पर चल रही थी फर्जी यूनिवर्सिटी; भेद खुला तो प्रिंस... Bihar Flood Relief: सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दी एक महीने की सैलरी; नितिन नब... Durg News Today: फेसबुक पोस्ट पर बवाल; भिलाई-3 थाने पहुंचे कांग्रेसी, भाजयुमो नेता पर FIR और गिरफ्ता... Agra Mahakumbh Ambikapur: सीएम विष्णु देव साय ने किया 'अग्र महाकुंभ 2026' का शुभारंभ; अग्रवाल समाज क...
देश

गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्‍यास कर बोले पीएम मोदी- यूपी में अब भेदभाव नहीं, सबका विकास होता है

नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्‍तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास कर दिया है। इस अवसर पर पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शाहजहांपुर की धरती से वीरता की धारा बही है। कल ही पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्लाह खान, ठाकुर रौशन सिंह का बलिदान दिवस है। अंग्रेजी सत्ता को चुनौती देने वाले शाहजहांपुर के इन तीनों सपूतों को 19 दिसंबर को फांसी दी गई थी। भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देने वाले ऐसे वीरों का हम पर बहुत बड़ा कर्ज है। ऐसे ही गंगा एक्‍सप्रेसवे भी उन्‍नति के द्वार खोलेगी। हमारा शुरुआत से ही सबका साथ और सबका विकास का मंत्र रहा है। डबल इंजन की सरकार का पूरा फोकस यूपी के विकास पर है। लेकिन साल 2014 से पहले यूपी में कुछ लोगों के लिए योजनाएं बनाई जाती थीं। कुछ लोगों के विकास के बारे में सोचा जाता था। लेकिन अब यूपी में सबके विकास के लिए सोचा जाता है

शाहजहांपुर में भी 50 हजार लोगों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर मिले

पीएम मोदी ने कहा कि यहां शाहजहांपुर में भी 50 हजार लोगों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर मिले हैं, उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा हुआ है। जिन लोगों को अभी पक्के घर नहीं मिले हैं, उनके घर जल्दी से जल्दी मिलें, उसके लिए मोदी और योगी दिन रात काम करते हैं और करते रहेंगे। हाल ही में हमारी सरकार ने गरीबों के पक्के घर बनाने के लिए 2 लाख करोड़ रुपये स्वीकृत किये हैं। ये खजाना आपका है, आपके लिए है, आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए है। आजादी के बाद पहली बार आज गरीब का दर्द समझने वाली, गरीब के लिए काम करने वाली सरकार बनी है। पहली बार घर, सड़क, शौचालय, बिजली, पानी, गैस कनेक्शन ऐसी बुनियादी सुविधाओं को इतनी प्राथमिकता दी जा रही है। विकास के ऐसे ही कामों से गरीब, पिछड़ों का जीवन बदलता है। जो भी समाज में पीछे है, पिछड़ा हुआ है, उसे सशक्त करना, विकास का लाभ उस तक पहुंचाना, हमारी सरकार की प्राथमिकता है। यही भावना हमारी कृषि नीति में, किसानों से जुड़ी नीति में भी दिखती है। बीते सालों में बीज से बाजार तक की जो भी व्यवस्था हमने बनाई है, इसमें देश के उन 80 प्रतिशत से अधिक छोटे किसानों को प्राथमिकता दी गई है, जिनके पास 2 हेक्टेयर से भी कम भूमि है।

डबल इंजन की सरकार का पूरा फोकस यूपी के विकास पर

मोदी और योगी की डबल इंजन की सरकार का पूरा फोकस यूपी के विकास पर है। लेकिन साल 2014 से पहले यूपी में कुछ लोगों के लिए योजनाएं बनाई जाती थीं। कुछ लोगों के विकास के बारे में सोचा जाता था। आप पांच साल पहले का हाल याद करिए। राज्य के कुछ इलाकों को छोड़ दें, तो दूसरे शहरों और गांव-देहात में बिजली ढूंढे नहीं मिलती थी। डबल इंजन की सरकार ने ना सिर्फ यूपी में करीब 80 लाख मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए, बल्कि हर ज़िले को पहले से कई गुना ज्यादा बिजली दी जा रही है। जब पूरा यूपी एक साथ बढ़ता है, तो देश आगे बढ़ता है।

यूपी के लोगों के लिए अनेक वरदान एक साथ लेकर आ रहे

पीएम मोदी ने कहा कि मां गंगा सारे मंगलों की, सारी उन्नति प्रगति की स्रोत हैं। मां गंगा सारे सुख देती हैं, और सारी पीड़ा हर लेती हैं। ऐसे ही गंगा एक्सप्रेसवे भी यूपी की प्रगति के नए द्वार खोलेगा। साथ ही देश की अर्थव्‍यवस्‍था को आगे ले जाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ये जो आज यूपी में एक्सप्रेसवे का जाल बिछ रहा है, जो नए एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं, नए रेलवे रूट बन रहे हैं, वो यूपी के लोगों के लिए अनेक वरदान एक साथ लेकर आ रहे हैं। पहला वरदान- लोगों के समय की बचत। दूसरा वरदान- लोगों की सहूलियत में बढोतरी, सुविधा में बढोतरी। तीसरा वरदान- यूपी के संसाधनों का सही उपयोग। चौथा वरदान- यूपी के सामर्थ्य में वृद्धि। पांचवां वरदान- यूपी में चौतरफा समृद्धि।

2014 के बाद विकास की राजनीति प्रदेश में हो रही: सीएम योगी आदित्‍यनाथ

गंगा एक्सप्रेस-वे के शिलान्‍यास कार्यक्रम में उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि हम सबका ये सौभाग्‍य है कि शाहजहांपुर की ये धरती वीरों की धरती है। उन्‍होंने कहा कि साल 2014 से पहले जो घोषणाएं होती थीं, वो सिर्फ चुनावों को ध्‍यान में रखकर होती थीं। लेकिन अब ऐसा नहीं है। पहले और अब की सरकार में यही बड़ा अंतर है। अब योजनाओं की घोषणाएं ही नहीं होती, उन्‍हें पूरा भी किया जाता है। 2014 के बाद विकास की राजनीति प्रदेश में हो रही है। कई एक्‍सप्रेसवे इसका उदाहरण हैं।

यूपी के मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद जो जोड़ने की राजनीति शुरू हुई उनका परिणाम है कि गांव का, किसानों का, नौजवानों का, श्रमिकों का सम्मान करते हुए देश की आस्था को सम्मान देने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी ने किया। बताया जा रहा है कि 36,230 करोड़ रुपये की लागत से इसे सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के अंतर्गत बनाया जाएगा। ये एक्‍सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज तक बनेगा।

सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम

शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक एस. आनंद ने बताया कि उन्‍होंने पूरी तैयारियां कर ली हैं। जाम न लगे इसलिए गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था बड़े मैदानों में की गई है। सुरक्षा में अर्धसैनिक बल भी तैनात हैं।

2024 में पूरा हो जाएगा गंगा एक्सप्रेस वे का काम

मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाले 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेस वे का काम वर्ष 2024 में पूरा होगा। मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुड़ापुर दांदू गांव तक पहुंचने में 12 जिलों की 30 तहसीलों का क्षेत्र इसमें शामिल होगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने जमीनों के बैनामे कराने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है।

चुनावी गणित

आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत इसे सबसे बड़ी जनसभा माना जा रहा है। पिछले चुनाव में भाजपा ने मंडल की 23 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। शाहजहांपुर व बदायूं की सिर्फ एक-एक सीट सपा के खाते में आई थी। इन दोनों जिलों के लोग शनिवार की जनसभा में शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button