भाजपा को बड़ा झटका, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राम इकबाल सिंह सपा में शामिल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव से पहले पार्टी नेताओं का दल बदल का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य व बलिया से पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने चुनाव से पहले भाजपा को झटका देते हुए समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। राम इकबाल सिंह भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
बता दें कि वर्ष 2002 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राम इकबाल सिंह चिल्कहार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। वहीं, वर्ष 2008 में विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन के बाद, चिल्कहार सीट का अस्तित्व समाप्त हो गया था। राम इकबाल अक्सर अपने बयानों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते रहें हैं। उनके बयानों से यह अटकले पहले से लगायी जा रही थी वह जल्द ही सपा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने 14 अक्टूबर को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा पर लखीमपुर खीरी हिंसा के पीछे होने का आरोप लगाया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी। सिंह ने इससे पहले कहा था कि राज्य में नौकरशाह सरकार चला रहे हैं और उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा दूसरी कोविड लहर से निपटने के तरीके पर भी सवालिया निशान लगाया था।






