जगदानंद सिंह का बड़ा बयान- जातीय जनगणना के मुद्दे पर नीतीश एवं जदयू के साथ खड़ी है RJD

पटनाः बिहार की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आज स्पष्ट कहा कि जातीय जनगणना जैसे राज्य हित के मुद्दे पर वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के साथ मजबूती से खड़ी है और पीछे हटने वाले नहीं हैं।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जातीय जनगणना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को काम करने की जरूरत है। राज्य हित के इस मुद्दे पर पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है और पीछे हटने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि इस अहम मुद्दे पर बिहार के लिए नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जदयू भी स्वीकार है।
जगदानंद सिंह ने नीतीश सरकार में सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नाम लिए बगैर कहा कि राज्य हित के इस अहम मुद्दे का जो विरोध कर रहे हैं उन्हें नीतीश कुमार बर्खास्त करें। इस मामले पर पार्टी नीतीश कुमार और जदयू के साथ हमेशा मजबूती के साथ खड़ी रहेगी। जदयू या फिर नीतीश कुमार से राजद को उस समय कोई परहेज नहीं होगा जब मामला बिहार के हित का होगा।






