NRC को लेकर ममता की चेतावनी- लोगों का अधिकार छीनने से पहले मेरी लाश से गुजरना पड़ेगा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि वह पहरेदार हैं और अगर कोई लोगों के अधिकार छीनने आएगा, तो उसे इसके लिए उनकी लाश से गुजरना होगा। संशोधित नागरिकता कानून और राष्ट्रीय नागरिकता पंजी के खिलाफ प्रदर्शन को जब तक जरूरी हो तब तब जारी रखने की बात कहते हुए बनर्जी ने कहा कि वह राज्य के लोगों की रक्षा के लिए सबकुछ करेंगी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने सुंदरबन के जंगलों के पश्चिमी किनारे पर एक जनसभा में कहा कि हम किसी की दया पर नहीं जीते… मैं किसी को हमारे अधिकार को छीनने नहीं दूंगी। मैं आपकी पहरेदार हूं, अगर कोई आपके अधिकार छीनने आएगा, तो उसे मेरी लाश से गुजरना होगा।
वहीं इससे पहले ममता बनर्जी ने दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में शिक्षकों और छात्रों पर हुए हमले को बीजेपी की ‘फासीवादी सर्जिकल स्ट्राइक’ बताया था। उन्होंने कहा था कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और हमें प्रदर्शन करने का अधिकार है. उनके खिलाफ आवाज उठाने वाले को देश का दुश्मन बता दिया जाता है. ऐसे कैसे किसी को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने पर राष्ट्र विरोधी या पाकिस्तानी होने का तमगा दिया जा सकता है।





