सड़क सुरक्षा माह : बाइक रैली निकालकर सेफ ड्राइविंग का दिया संदेश, ट्रैफिक रूल फॉलो करने की अपील

दुर्ग : दुर्ग जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा सप्ताह के बजाय पूरे एक महीने सड़क सुरक्षा माह अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत भट्टी थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस ने विशाल बाइक रैली का आयोजन किया. बाइक रैली में 100 से अधिक पुलिस और सीआईएसएफ जवानों के साथ आम नागरिकों ने भी हिस्सा लिया.
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
बाइक रैली भट्टी थाना परिसर से शुरु होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी. रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, लेन अनुशासन का पालन करने, गति सीमा में वाहन चलाने और ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए. रैली के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, जीवन अनमोल है जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां भी प्रदर्शित की गईं.
सड़क सुरक्षा माह के तहत यह बाइक रैली विशेष रूप से हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निकाली गई है.अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोटें केवल हेलमेट या सीट बेल्ट न लगाने के कारण होती हैं, जिन्हें आसानी से टाला जा सकता है- पीडी चन्द्र, ट्रैफिक टीआई
भट्टी थाना प्रभारी राजेश साहू ने कहा कि प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है और इसके अंतर्गत लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
हमने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने की अपील की- राजेश साहू,प्रभारी भट्टी थाना
स्कूली छात्रों के वाहन किए गए जब्त
पुलिस प्रशासन का मानना है कि लगातार एक माह तक चलने वाला यह अभियान लोगों की सोच में बदलाव लाएगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मददगार सिद्ध होगा. सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत दुर्ग यातायात पुलिस ने केपीएस और जेआरडी स्कूल के 15 नाबालिगों के वाहन जब्त किए.बिना लाइसेंस और हेलमेट वाहन चलाने पर परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई. एक मॉडिफाइड बुलेट पर 6000 रुपए का चालान किया गया। पुलिस ने अभिभावकों से नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की है.






