रांची SSP का बड़ा एक्शन: जुआ और ब्राउन शुगर के धंधेबाजों को संरक्षण देने वाले 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

रांचीः राजधानी में जुआ और ब्राउन शुगर के अवैध धंधे को सरंक्षण देने में कथित संलिप्तता के आरोप में एसएसपी राकेश रंजन ने पांच पुलिस पदाधिकारी-कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. कुछ दिन पूर्व पुलिसकर्मियों का एक वीडियो वायरल हुआ था. जिसमें वह लोग जुआ खेलने वाले लोगों से पैसा की वसूली कर रहे थे.
क्या है पूरा मामला
रांची पुलिस के पांच पुलिसकर्मियों को एसएसपी रांची ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इन सभी पर जुआ खिलाने वालों को संरक्षण देने और पैसे लेकर प्रतिबंधित नशीली दवा ब्राउन शुगर की बिक्री की अनुमति देने के गंभीर आरोप लगे हैं. बता दें कि बीते कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुआ था. पहले वीडियों में पुलिसकर्मी जुआ खेल के बदले पैसे लेते नजर आ रहे थे. जबकि दूसरे वीडियो में एक महिला ने टाइगर मोबाइल वैन के जवानों पर ब्राउन शुगर बेचने की अनुमति के एवज में पैसे मांगने का सनसनीखेज दावा किया था. सभी निलंबित पुलिसकर्मी मुख्य रूप से टाइगर मोबाइल और पीसीआर वैन में तैनात थे.
विभागीय कार्रवाई भी शुरू
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने इन पुलिस वालों के निलंबन के साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई को लेकर रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. सिटी एसपी ने बताया कि वायरल वीडियो कुछ दिन पुराना है, जिसमें पुलिसकर्मी अनैतिक कामों में लिप्त पाए गए हैं.






