पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी, अगले 2 दिन सहना होगा ठंड का टॉर्चर

नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। नए साल के आखिरी दिन भी उत्तरी राज्यों सहित कई क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी, हालांकि दो जनवरी के बाद स्थिति सुधर सकती है। 30-31 दिसंबर के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड में कड़ाके की ठंड का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर और एक जनवरी को हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन दोनों दिन सुबह के समय घना कोहरा होगा। 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। वहीं, तीन और चार जनवरी को हल्की बारिश भी हो सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में जबर्दस्त शीतलहर चलेगी।
हिमाचल में तापमान जमाव बिंदु से नीचे
हिमाचल प्रदेश के कई जगहों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया है। बर्फबारी के बाद सीजन में पहली बार डलहौजी में अधिकतम तापमान में 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। ऐसे में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान भी जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया है।
कड़ाके की ठंड से ठिठुरा अमृतसर
अमृ्तसर में शीतलहर का प्रकोप जारी है। यहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री तक आ गया है। इससे पहले भी दिसंबर में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री तक आया था। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की प्रमुख डा. प्रभजोत कौर सिद्धू ने कहा कि आने वाले तीन दिनों तक शीतलहर जोर पकड़ेगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी। 31 दिसंबर और से दो जनवरी तक बादल छाए रहने की संभावना है। तीन व चार जनवरी को पंजाब के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।






