देश
रायपुर में होटल कारोबारियों ने आनलाइन भोजन परोसने वाली कंपनियों से तोड़ा नाता

रायपुर: होटल कारोबारियों ने आनलाइन भोजन परोसने वाली कंपनियों से नाता तोड़ना शुरू कर दिया है। इसकी वजह ज्यादा कमीशन है। होटल कारोबारी प्रदेश के साथ ही अपने कारोबार की गति बढ़ाने के लिए स्वयं के कर्मचारियों द्वारा होम डिलीवरी की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ होटलों द्वारा तो होम डिलीवरी की भी जा रही है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया में होम डिलीवरी के लिए अपना वाट्सएप नंबर डाल भी दिया है। बहुत से होटल इसकी तैयारी में जुट गए हैं।
होटल कारोबारियों का कहना है कि आनलाइन भोजन परोसने वाली कंपनियों द्वारा 25 फीसद कमीशन लिया जाता है और इन दिनों कोरोनाकाल में वैसे ही कारोबार गिर गया है। ऐसे हालत में इन्हें अगर 25 फीसद कमीशन दिया जाता है तो उनका कारोबार तो और टूट जाएगा। इसके चलते ही उन्होंने इन कंपनियों से कमीशन घटाने की मांग भी की थी, लेकिन इन कंपनियों ने इनकी मांग नहीं मानी तो कारोबारियों ने भी इनसे नाता तोड़ना शुरू कर दिया।
बना रहे अपना एप
होटल कारोबारियों से मिली जानकारी के अनुसार इन दिनों होटल कारोबारियों द्वारा अपना एप भी तैयार किया जा रहा है। इस एप में उपभोक्ताओं को अपने पसंदीदा होटल की जानकारी भी मिल जाएगी। साथ ही उपभोक्ता चाहें तो इस एप के जरिए अपना पसंदीदा भोजन भी मंगा सकते हैं।
आनलाइन भोजन परोसने वाली कंपनियों ने बनाई अपनी रसोई
इन दिनों आनलाइन भोजन परोसने वाली एक कंपनी ने अपनी स्वयं की रसोई भी बना ली है और अपनी रसोई के साथ ही उपभोक्ताओं के पसंद के होटलों से होम डिलीवरी कर रही है।
छत्तीसगढ़ रेस्टारेंट एंड कैफे एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मिकी दत्ता ने कहा कि आनलाइन भोजन परोसने वाली कंपनियों को कमीशन देने से उन्हें काफी नुकसान हो रहा था। वैसे ही कोरोना काल ने होटल कारोबार की कमर तोड़ दी है। ऐसे में कमीशन के कारण और नुकसान हो रहा था। इसलिए उपभोक्ताओं के लिए यह नई सुविधा शुरू की गई है। इंटरनेट मीडिया में अपना वाट्सअप नंबर भी डाल दिया गया है।






