देश
भाजपा आरटीआइ छत्तीसगढ़ मीडिया प्रभारी की गाड़ी रोककर गोबर फेंका, पुलिस में की शिकायत

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा सूचना के अधिकार प्रकोष्ठ मीडिया प्रभारी जयराम दुबे की कार पर अज्ञात तत्वों ने गोबर फेंका और उन्हें धमकी देते हुए गाली-गलौच भी की। मंगलवार को भाजपा के जयराम दुबे ने मामले की शिकायत ने सरस्वती नगर थाने में की है। इसके साथ ही जांच की मांग की गई है।
प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डाक्टर विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि भाजपा आरटीआइ के मीडिया प्रभारी दुबे 15 नवंबर दोपहर गुढ़ियारी स्थित अपने निवास से कोटा की तरफ जा रहे थे। इस बीच मुक्तिधाम के पास कुछ युवकों ने उनकी कार पर गोबर फेंककर हमला किया।
जब दुबे कार से उतरे तो युवक उनसे गली-गलौच करने लगे। साथ ही ज्यादा होशियार बनने की बात कहते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। इतना ही नहीं अज्ञात युवक हाथापाई पर उतारू हो गए। प्रदेश आरटीआइ प्रकोष्ठ मीडिया प्रभारी दुबे ने कहा कि राज्य सरकार में हुए भष्टाचार, गोबर खरीदी जैसे मुद्दे को लगातार उठाया जा रहा है। वहीं सोशल मीडिया में भी अभियान चलाया जा रहा है। इसे लेकर ही अज्ञात युवकों ने हमला किया है।
पुलिस इसकी जांच कर दोषियों पर जल्द कार्रवाई करें। गोबर फेंक कर हमला करने व धमकाने के प्रयास के मामले में थाना सरस्वती नगर में थाना प्रभारी से अपराध दर्ज कराया गया है। इस दौरान मौके पर प्रदेश संयोजक डॉ विजय शंकर मिश्रा सह संयोजक संजय कोपुलवार, जिला संयोजक मंजुल मयंक श्रीवास्तव, वैभव वैष्णव, विकास अग्रवाल, विकल्प नंदा, अनिलेश खरे, अधिवक्ता प्रदीप मिश्रा, आलोक शर्मा, मुकेश तिवारी, सुमित शर्मा आदि मौजूद रहे।






