ब्रेकिंग
Khagaria Adarsh Hotel Incident: स्टेशन रोड स्थित होटल में कमरे के अंदर लगी आग, शादी के दबाव के बीच ह... JDU Training Camp Patna: जेडीयू के प्रबोधन कार्यक्रम में निशांत कुमार के संबोधन के सियासी मायने, नीत... Italy Eurofighter Damaged: हूती हमलों की चपेट में आया नाटो समर्थित यूरोफाइटर-2000, इटली के रक्षा मंत... US Air Power in Crisis: यमन में F-15 क्रैश और MQ-9 रीपर ड्रोन तबाह, अमेरिकी रक्षा तकनीक की साख पर उठ... FSSAI Cases Against Nestle: नान एक्सेला प्रो और लैक्टोजेन को लेकर नेस्ले पर कसे कानूनी शिकंजे, दर्ज ... Andhra Pradesh Shipping News: मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में हुआ बड़ा समझौता, 45 हजार रो... Money Management Tips: क्या सिर्फ पैसे बचाना काफी है? समझें परचेजिंग पावर और महंगाई का पूरा खेल Delhi Honeytrap Case: व्हाट्सएप दोस्ती के बाद रेस्टोरेंट में बुलाया, 21 हजार का बिल थमाकर मारपीट और ... Delhi Traffic Challan New Rule: कोर्ट में चालान चैलेंज करने से पहले भरना होगा 50% अमाउंट, जानिए क्या... Gurugram Police Action: राजस्थान से गिरफ्तार मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला कोर्ट में पेश, 1 अक्टूबर को ह...
देश

आर्यन ड्रग्स केस में नवाब मलिक ने फिर किया चौंकाने वाला खुलासा

महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने मंगलवार को सवाल खड़े किये कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) क्रूज पार्टी के आयोजकों में से एक काशिफ खान को क्यों बचा रहा है और मादक पदार्थ रोधी एजेंसी के अधिकारी समीर वानखेड़े का काशिफ के साथ क्या संबंध है? उन्होंने दावा किया कि खान और एनसीबी के मुंबई जोन के निदेशक वानखेड़े के बीच “मजबूत रिश्ता” है। एनसीबी ने गत माह क्रूज पर छापा मारा था। मलिक ने एनसीबी के गवाह के पी गोसावी और दिल्ली के एक ‘मुखबिर’ के बीच कथित चैट को भी ट्वीट किया और कहा कि ट्वीट से पता चलता है कि वे उन लोगों को फंसाने की योजना बना रहे थे जो कॉर्डेलिया क्रूज पर पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।

राकांपा नेता ने कहा, “यह समीर वानखेड़े की निजी सेना है, इसलिए उन्हें बहुत कुछ जवाब देना है।” के पी गोसावी क्रूज ड्रग्स मामले में एनसीबी का गवाह है, जिसमें अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान सहित कम से कम 20 लोगों को दो अक्टूबर को छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था। गोसावी को पिछले महीने महाराष्ट्र पुलिस ने कथित जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार किया था। मलिक के अनुसार, दिल्ली के “मुखबिर” ने गोसावी को खान और एक अन्य व्यक्ति (दुबे) के बारे में बताया था। मंत्री ने पूछा, “काशिफ खान से पूछताछ क्यों नहीं की जा रही है? काशिफ खान और समीर वानखेड़े के बीच क्या रिश्ता है?” उन्होंने कहा कि यह एक सर्वविदित तथ्य है कि गोवा में रूसी माफिया के माध्यम से ड्रग्स का कारोबार चलता है।

गोवा भी एनसीबी के मुंबई कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में है। मलिक ने आरोप लगाया, “गोवा में कोई कार्रवाई नहीं हुई, क्योंकि ड्रग रैकेट काशिफ खान के माध्यम से फलता-फूलता है।” उन्होंने दावा किया कि काशिफ खान के खिलाफ कथित जालसाजी के कई मामले हैं, और आश्चर्य है कि एनसीबी उन्हें बचाने की कोशिश क्यों कर रहा था। पिछले हफ्ते, कांग्रेस के मंत्री असलम शेख ने कहा था कि उन्हें काशिफ खान ने दो अक्टूबर को क्रूज पार्टी में आमंत्रित किया था। मलिक ने यह भी कहा था कि काशिफ खान ने शेख और राज्य सरकार के शीर्ष मंत्रियों के बच्चों को पार्टी में लाने की बहुत कोशिश की थी। मलिक ने क्रूज पार्टी के छापे को फर्जी करार दिया और एनसीबी एवं वानखेड़े पर लोगों को फंसाने का आरोप लगाया। वानखेड़े ने इससे पहले अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया था। इस साल की शुरुआत में मलिक के दामाद समीर खान को एनसीबी ने कथित ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

Related Articles

Back to top button