तीन थाना क्षेत्रों में चोरी, एमआईजी में शादी के घर को बनाया निशाना

इंदौर में डीजीपी तीन दिन के दौरे पर हैं। इस बीच शहर में चोरों ने तीन थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जबकि डीजीपी के शहर में आने के पहले ट्रैफिक से लेकर हर व्यवस्था के लिए अफसरों ने बल को चाक चौबंद रखा था। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहला मामला एमआईजी इलाके का है। यहां चोरों ने विकास नगर में रहने वाले शंकर गौसर के यहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से दो सोने के मंगलसूत्र,सोने की अंगूठी,चेन व चांदी के जेवर और करीब 25 हजार के लगभग नकदी चुराकर ले गए। शंकर के मुताबिक उनके परिवार में शादी थी। रसोई का काम चल रहा था। इस बीच हलवाई के साथ अन्य लोगों का भी घर में आना-जाना लगा था। तभी मौके का फायदा उठाकर किसी ने उनके घर में वारदात को अंजाम दिया
द्वारकापुरी में चोरों ने राजेश परमार के मकान को निशाना बनाया। विदुर नगर में उनके घर का ताला तोड़कर बदमाश सोने का हार,एक अंगूठी दो मंगलसुत्र,एक जोड झुमकी,एक जोड टाप्स व चांदी की दो जोड पायल,चार जोड बिछुडी, एक जोड कडे, व नगदी करीब दो लाख रुपए चुराकर फरार हो गए। वारदात के समय परिवार घर में ही सो रहा था।
लसूड़िया इलाके में भी चोरों ने बिल्डिंग में घुसकर लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर निपानिया स्थित सुख-संपदा बिल्डिंग में घुसकर सोने की चेन,मंगलसूत्र,तीन महंगी घडियां,चांदी के जेवर और नकदी करीब एक लाख रूपए के लगभग चुराकर ले गए। वारदात के समय परिवार बाहर गया हुआ था।






